सड़क निर्माण की जांच करते जदयू विधायक अमन हजारी
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत दरभंगा जिले के कुशेश्वरस्थान प्रखंड में बरानिया से पकड़िया तक सड़क बन रही है। इस सड़क निर्माण में व्याप्त अनियमितता देखने को मिल रही है। संवेदक द्वारा सड़क निर्माण में जेएसबी बालू और गिट्टी से करना था। लेकिन संवेदक की ओर से मिट्टी और गिट्टी से जेएसबी किया जा रहा है। जब ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में कंपनी की अनियमितता को देखा तो उन्होंने इसकी शिकायत जदयू विधायक अमन भूषण हजारी से की। सूचना मिलते ही अमन भूषण हजारी मौके पर पहुंचे। फिर विधायक सड़क निर्माण की जांच करते हुए संवेदक पर भड़क गए। उन्होंने कहा कि काम रोक कर नियमानुसार सड़क को बनाएं। मैं इसकी शिकायत विभाग से करूंगा।
दरअसल, बरानिया से पकड़िया तक बन रही सड़क में व्याप्त अनियमितता की शिकायत ग्रामीणों ने विधायक अमन भूषण हजारी से कर दी। इसके बाद विधायक सड़क निर्माण कार्य का जायजा लेने पकड़िया पहुंच गए। जहां विधायक अमन भूषण हजारी ने पहले सड़क की जांच की। फिर वहां व्याप्त अनियमितता को लेकर भड़क गए। उन्होंने अपने हाथों से मिट्टी खोदते हुए वहां संवेदक के मुंशी को फटकार लगाना शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि न तो योजना का कोई बोर्ड लगाया गया और न ही कार्य शुरू करने से पहले शिलान्यास कराया गया।
विधायक अमन भूषण हजारी ने फटकार लगाते हुए कहा कि कार्य को रोकर पहले गुणवत्ता में सुधार लाएं। मैं इसकी शिकायत चीफ इंजीनियर से करूंगा। विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत बरानिया से पकड़िया तक सड़क बननी है, जिसकी लंबाई एक किलोमीटर 450 मीटर की है। इस सड़क निर्माण में संवेदक के द्वारा जेएसबी बालू और गिट्टी से करना था। लेकिन ठेकेदार और उनके मुंशी मिट्टी और गिट्टी से जेएसबी कर रहे हैं। यह सड़क की गुणवत्ता के लिए बिल्कुल सही नहीं है। देखने से साफ पता चलता है कि एस्टीमेट के हिसाब से बिल्कुल भी कार्य नहीं किया जा रहा है।