अपने बचपन के कोच बृजेश झा के साथ वैभव सूर्यवंशी
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
सबसे युवा खिलाड़ी के रुप में ऑक्शन में शामिल होकर वैभव सूर्यवंशी ने रच दिया इतिहास
आईपीएल ऑक्शन 2025 के लिए 574 खिलाड़ियों में सबसे ज्यादा चर्चा समस्तीपुर जिले के ताजपुर के रहने वालें 13 साल के बाएं हाथ के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की रही। वैभव सूर्यवंशी ने इस बार सबसे युवा खिलाड़ी के रुप में ऑक्शन में शामिल होकर इतिहास रच दिया हैं। उभरते हुए हरफनमौला खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी आईपीएल मेगा ऑक्शन की लिस्ट में 491 नंबर पर थे। अनकैप्ड कैटेगेरी के तहत लिस्टेड वैभव की बेस प्राइस 30 लाख रुपये थी। वैभव पर 68वें सेट में बोली लगी। उसके बाद काउंटर का दौर शुरू हुआ और अंततः राजस्थान रॉयल्स की टीम ने समस्तीपुर के लाल वैभव सूर्यवंशी को एक करोड़ 10 लाख में खरीद कर अपनी टीम में शामिल कर लिया।
सबसे कम उम्र के हैं खिलाड़ी
13 साल के वैभव ने इसी साल जनवरी में बिहार की ओर से अपना फर्स्ट क्लास डेब्यू किया। शानदार प्रदर्शन करने के बाद उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इंडिया अंडर-19 टीम में शामिल किया गया, जहां उन्होंने पहले ही मैच में शतक जड़ दिया। इस प्रदर्शन के आधार पर बीसीसीआई ने वैभव को अगले महीने होने वाले अंडर-19 एशिया कप में टीम इंडिया का हिस्सा बनाया है और जिलेवासियों को उम्मीद है कि वह वहां भी अपनी छाप छोड़ने में सफल होकर विदेश में भी समस्तीपुर का झंडा पता का लहराएंगे।
मनाई जा रही दीवाली
वैभव के आईपीएल ऑक्शन में एक करोड़ 10 लाख की रकम में खरीदे जाने पर पूरे समस्तीपुर जिले में दिवाली जैसा माहौल है। वैभव के पैतृक निवास ताजपुर में जश्न का माहौल है। वैभव के पिता संजीव सूर्यवंशी को जैसे ही वैभव के खरीदे जाने की सूचना मिली, वह ख़ुशी से झूम उठे। पूरे परिवार में और आस-पास में मिठाईयां बांटकर खुशी का इजहार किया। वहीं समस्तीपुर जिले में ख़ुशी का माहौल व्याप्त है।