सुरक्षाबल और पुलिस के साथ गिरफ्तार नक्सली सुनील मरांडी
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के जमुई जिले के कहुआ जंगल में शुक्रवार को सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ के बाद एक हार्डकोर नक्सली को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक कार्बाइन और भारी मात्रा में विस्फोटक भी बरामद किया गया है। यह कार्रवाई चरका पत्थर थाना क्षेत्र के टोला पहाड़ के जंगलों में की गई। गिरफ्तार नक्सली की पहचान चकाई थाना क्षेत्र के कथावर निवासी सुनील मरांडी के रूप में की गई।
एसपी शौर्य सुमन ने सदर थाना परिसर में प्रेसवार्ता में बताया कि 23 मार्च की रात सुरक्षाबलों को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के मुताबिक, चरका पत्थर थाना क्षेत्र के टोला पहाड़ स्थित कहुआ के जंगल में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी को लेकर कई नक्सली जुटे थे। इसके बाद सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों ने एंटी नक्सल ऑप्स का संचालन किया। जैसे ही सुरक्षा बल कहुआ के जंगली क्षेत्र में पहुंचा, तभी नक्सलियों ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी। इस गोलीबारी में जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। इससे घबराकर कुछ नक्सली अंधेरे का फायदा उठाते हुए जंगली रास्ते से फरार हो गए। जबकि सुरक्षाबलों ने घेराबंदी कर सर्च अभियान चलाया। इसमें हार्डकोर नक्सली कमांडर सुनील मरांडी को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, गिरफ्तार नक्सली के पास से सुरक्षाबलों ने एक कार्बाइन और भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया है।
नक्सली के पास से बरामद किए गए सामानों में एक लोडेड कार्बाइन, नौ एमएम के पांच जिंदा कारतूस, एक पीस नौ एमएम की खाली मैगजीन, एक पीस सीलिंग, 22 पीस 7.62 एमएम के जिंदा कारतूस, एक पीस 7.62 एमएम मैगजीन, तीन पीस डेटोनेटर, चार पीस जिलेटिन स्टीक, तीन पीस ब्लू कलम, एक पीस ब्लू कलम, एक पीस नेल कटर, ब्लू धागा और इंजेक्शन सहित भारी मात्रा में नक्सली सामग्री बरामद की गई है।