बिहार के गया जिले में लोजपा नेता अनवर खान की हत्या करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि आमस प्रखंड के सिहुली गांव निवासी लोजपा नेता अनवर खान को कनपटी पर तीन गोली मार कर गमहरिया गांव के पास जीटी रोड पर एक बाइक से आए तीन बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। लोजपा नेता की हत्या की सूचना मिलते ही समर्थक घटनास्थल पर पहुंचे और अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर दी।
जीटी रोड को जाम कर प्रदर्शन करते लोजपा नेता के समर्थक
पुलिस के समझाने पर लोजपा नेता के समर्थकों ने खत्म किया जाम
शहर में लोजपा नेता के नाम का था आतंक
वर्तमान में लोजपा नेता अनवर खान आमस थाना क्षेत्र के मंगलाचक गांव के पास जीटी रोड पर होटल खोलकर व्यवसाय कर रहे थे। साथ ही प्रॉपर्टी डीलर के रूप में भी जाने जाते थे। वर्ष 2002 से गया शहर में अनवर खान के नाम से दहशत थी। उस दौर में खान लूट और अपहरण समेत कई संगीन मामलों के आरोपी थे। शहर के गेवलबिगहा मोहल्ले में रहकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम देते थे। 2005 में लोजपा नेता के रुप में उभरे और पहली बार में ही लोजपा के टिकट से गुरुआ विधानसभा सीट से चुनाव लड़े। उसके बाद से आमस थाना क्षेत्र में स्थित पैतृक घर सिहुली गांव में रह रहे थे।