अस्पताल में इलाजरत गोली लगने से घायल पार्षद गोपाल पासवान
- फोटो : अमर उजाला
गया जी शहर से सोमवार को दो बड़ी आपराधिक घटनाएं सामने आईं, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पहली घटना वार्ड-10 के पार्षद गोपाल पासवान को लक्षित कर की गई फायरिंग से जुड़ी है, जबकि दूसरी घटना चंदौती थाना क्षेत्र के कंडी नवादा गांव की है, जहां जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और गोलीबारी में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह भी पढ़ें- Bihar News: अज्ञात वाहन ने व्यक्ति को पीछे से मारी टक्कर, मौके पर ही मौत; नहीं हो पाई शिनाख्त
पार्षद पर फायरिंग, बाल-बाल बचे गोपाल पासवान
जानकारी के मुताबिक, वार्ड-10 के पार्षद गोपाल पासवान को उस वक्त गोली मारी गई जब वे किसी कार्य से बाहर निकले थे। हमलावर ने उन्हें निशाना बनाते हुए गोली चलाई, लेकिन किस्मत से गोली उनके दाहिने पैर की जांघ को छूती हुई निकल गई और वह बाल-बाल बच गए। पार्षद गोपाल पासवान ने मीडिया से बातचीत में बताया कि यह हमला जानलेवा था और उन्हें स्पष्ट रूप से लक्षित किया गया था। उन्होंने हमलावर की पहचान कर ली है और जल्द ही डेल्हा थाना पहुंचकर बयान दर्ज कराने की बात कही है।
जमीनी विवाद में चली गोली, युवक की हालत नाजुक
वहीं, दूसरी घटना चंदौती थाना क्षेत्र के कंडी नवादा गांव की है। जहां जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। इसी दौरान चली गोली आकाश दीप नामक युवक को लग गई। साथ ही, इस विवाद में दिनेश यादव नामक एक अन्य व्यक्ति को गंभीर चोटें आई हैं। दोनों को इलाज के लिए गया जी शहर के एपी कॉलोनी स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। आकाश दीप की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें आईसीयू में रखा गया है। घायलों के परिजनों का कहना है कि गोली चलाने वाले की पहचान कर ली गई है। वह भी गांव का ही रहने वाला है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- दुष्कर्म-हत्या की खौफनाक कहानी: लापता युवक का शव नाले से मिला, असामाजिक तत्वों ने पुलिस पर किया हमला; कई घायल