पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से आरोपी घायल
- फोटो : अमर उजाला
गया जी जिले में शनिवार को दिनदहाड़े हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी और पुलिस के बीच मंगलवार को मुठभेड़ हो गई। आत्मरक्षा में की गई पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पुलिस हिरासत में उसका इलाज चल रहा है।
दिनदहाड़े हत्या से दहला था गया जी
गया जी जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र के दक्षिणगांव में 17 मई को दोपहर के वक्त हुए हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी। मृतकों की पहचान अशोक सिंह और उनके बेटे कुणाल कुमार सिंह के रूप में हुई थी। हत्या के पीछे जमीन विवाद की बात सामने आई थी। इस जघन्य वारदात का मुख्य आरोपी कोई और नहीं बल्कि मृतक अशोक सिंह का भतीजा नीतीश कुमार निकला। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि लंबे समय से चल रहे भूमि विवाद ने हत्या का रूप ले लिया।
यह भी पढ़ें- Bihar: फांसी का फंदा लगाकर खुदकुशी करने जा रहा था युवक, पुलिस ने खिड़की-दीवार तोड़कर बचाया; लोगों ने की तारीफ
पुलिस छापामारी के दौरान हुआ आमना-सामना
घटना के बाद गया के सीनियर एसपी आनंद कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। टीम ने छानबीन के बाद यह सुराग लगाया कि मुख्य आरोपी नीतीश कुमार फतेहपुर थाना क्षेत्र के तेलबिगहा गांव में छिपा हुआ है। उसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव में दबिश दी।
अंधाधुंध फायरिंग से दहला इलाका
जैसे ही पुलिस की टीम गांव में पहुंची, नीतीश कुमार ने पुलिस को देखते ही अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह खेत में गिर पड़ा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल आरोपी को दबोच लिया।
अस्पताल में पुलिस पहरे में है आरोपी
घायल अवस्था में नीतीश कुमार को तुरंत अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल वह पुलिस की कड़ी निगरानी में है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी से पूरे मामले की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं और जल्द ही घटना से जुड़े अन्य संदिग्धों की भी गिरफ्तारी की जाएगी।
यह भी पढ़ें- दुष्कर्म-हत्या की खौफनाक कहानी: लापता युवक का शव नाले से मिला, असामाजिक तत्वों ने पुलिस पर किया हमला; कई घायल
अब भी जारी है छानबीन
इस मुठभेड़ के बाद पुलिस ने एक राहत की सांस ली है। वहीं सीनियर अधिकारियों ने साफ किया है कि इस जघन्य हत्याकांड में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। पूरे इलाके में अब भी छानबीन जारी है और पुलिस अन्य संभावित ठिकानों पर निगरानी बनाए हुए है।