जब यह पृथ्वी सुरक्षित होगी, तभी हम सुरक्षित रहेंगे और इसकी रक्षा करना हम सबकी ज़िम्मेदारी है। प्रकृति के तत्व पृथ्वी, जल और वायु में समन्वय बनाए रखने के लिए पेड़ों का संरक्षण भी जरूरी है और हमें ज़्यादा से ज़्यादा पेड़ लगाना चाहिए। ये वक्तव्य दक्षिण बिहार केन्द्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) के कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने बिहार सरकार द्वारा विश्वविद्यालय परिसर में 75वें वन महोत्सव के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में कही।
मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम की अध्यक्षता करते कुलपति प्रो. सिंह ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों से यह आह्वान किया कि आप सब आज संकल्प लें कि पृथ्वी की रक्षा के लिए एक पेड़ मां के नाम ज़रूर लगाएं। तभी जल, जीवन और हरियाली का लक्ष्य पूरा हो सकता है। प्रो. सिंह ने कार्यक्रम में उपस्थित सीयूएसबी के कर्मचारियों को विशेष तौर पर सम्बोधित करते हुए कहा कि वे अपने जन्मदिन पर विश्वविद्यालय परिसर में एक पेड़ आवश्यक लगाएं और उनका संरक्षण भी करें।
सीयूएसबी परिसर में राज्य स्तरीय वन महोत्सव 2024 के तहत गया वन प्रमंडल द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन नोडल अधिकारी प्रो. रामाशीष यादव (विभागाध्यक्ष, कृषि विभाग) की देखरेख में किया गया। कार्यक्रम में कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह के साथ एस. सुधाकर (वन संरक्षक, अंचल गया), आशीष भारती (एसएसपी, गया) शशिकांत कुमार डिस्ट्रिक्ट फारेस्ट ऑफिसर (डीएफओ, गया), प्रो. नरेंद्र कुमार राणा (कुलसचिव), प्रो. पवन कुमार मिश्र (डीएसडब्ल्यू), प्रो. प्रणव कुमार (प्रॉक्टर) आदि मौजूद रहे। इस अवसर पर सीयूएसबी के विभिन्न विभागों के प्राध्यापकों, छात्रों एवं कर्मचारियों के साथ वन विभाग के कर्मचारी तथा गया ज़िला प्रशासन के कर्मी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के औपचारिक उद्घाटन के पश्चात स्वागत भाषण शशिकांत कुमार (डीएफओ) द्वारा दिया गया, जिसमें उन्होंने राज्य स्तरीय वन महोत्सव के उद्देश्यों को साझा किया। वहीं, एस सुधाकर (वन संरक्षक, अंचल गया) ने सीयूएसबी के हरे-भरे परिसर की सराहना करते हुए बताया कि वन महोत्सव को साल 1950 से धरती की हरियाली और जैव विविधता को बरक़रार रखने के लिए हर वर्ष जुलाई के पहले सप्ताह को मनाया जाता है। इस कार्यक्रम को पर्यावरण की सुरक्षा करने के साथ-साथ आमजनों को वृक्षों और वनों के महत्व के बारे में जागरुक करना है। सीनियर एसपी आशीष भारती, वरिष्ठ पुलिस ने अपने सम्बोधन में कहा कि आज जलवायु परिवर्तन दुनिया के सामने एक बड़ी चुनौती है और हमें भावी पीढ़ी के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए पेड़ लगाना चाहिए। प्रो. नरेंद्र कुमार राणा, कुलसचिव ने अपने संक्षिप्त संबोधन में पर्यावरण की स्थिरता बनाए रखने के लिए पेड़ों के महत्व पर चर्चा की।
कार्यक्रम में मंच संचालन रेणु (सहायक प्राध्यापक, कॉमर्स) ने किया। जबकि धन्यवाद ज्ञापन शशिकांत कुमार, (डीएफओ, गया) ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में कुलपति प्रो. केएन सिंह एवं सीयूएसबी परिवार के सदस्यों के साथ वन विभाग के आला अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ गया जिला प्रशासन के कर्मियों ने वृक्षारोपण किया।