बिहार के गया जिले में अपहरण की बड़ी व सनसनीखेज वारदात हुई है। बुधवार रात एक पूर्व फौजी के सात साल के बेटे को अज्ञात बदमाश घर के बाहर से अगवा कर ले गए। बदमाशों ने बच्चे को मुक्त करने के लिए फौजी से 25 लाख रुपये की फिरौती मांगी है।
पुलिस के अनुसार वारदात गया जिले के मानपुर के रसलपुर में हुई। बुधवार की रात फौजी वाल्मीकी सिंह का बेटा मोहित अपने घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान पिता का नाम पूछने के बाद अपहर्ताओं ने मोहित को अगवा कर लिया। पुलिस अपहर्ताओं का पता लगा रही है। एक टीम आसपास के इलाकों में भी भेजी गई है। वजीरगंज के डीएसपी घुरन मंडल जांच का नेतृत्व कर रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि घर के बाहर गाड़ी रुकी और उसमें बैठे दो व्यक्तियों ने उतरकर बालक मोहित से उसके पिता का नाम पूछा और घर बताने को कहा। इसी दौरान उन्होंने मोहित को गाड़ी में बैठा लिया। काफी वक्त तक जब बच्चे का पता नहीं चला तो उसके दोस्त से पूछताछ की गई। इसके बाद पीड़ित परिजनों ने स्थानीय थाने में अज्ञात अपहरणकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज कराया।
दूसरे दिन मांगी फिरौती
बुधवार पूरी रात बालक के परिजन परेशान रहे। गुरुवार को अपहर्ताओं ने वाल्मीकी सिंह के मोबाइल पर कॉल कर के 25 लाख रुपये फिरौती मांगी। अपहरण की खबर लगते ही हाहाकार मच गया।मोहित के दादा सुरेंद्र सिंह भी रिटायर सैन्यकर्मी हैं। उन्होंने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है और यह घटना किसने की है इसकी कोई भी जानकारी नहीं है। अपहरणकर्ताओं ने 25 लाख रुपये की मांग की है।
एएसपी मनीष कुमार ने बताया कि पूर्व सैनिक के बेटे के अपहरण का मामला दर्ज किया गया है। जल्द ही बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा। अपराधियों को पकड़ने के लिए उसकी मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच की जा रही है।