सार
जहानाबाद के मखदुमपुर अंचल कार्यालय में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने अमीन अनिल कुमार सिंह को जमीन की नापी के बदले 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। शिकायत सत्यापित होने के बाद ट्रैप कार्रवाई की गई, जिससे कार्यालय में हड़कंप मच गया।
जहानाबाद जिले के मखदुमपुर अंचल कार्यालय में बुधवार को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (पटना) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अमीन को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद अंचल कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारियों में हड़कंप फैल गया। गिरफ्तार अमीन की पहचान अनिल कुमार सिंह के रूप में हुई है। निगरानी टीम ने आरोपी के पास से रिश्वत के 5 हजार रुपये भी बरामद किए। इस कार्रवाई का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक राम चौधरी ने किया।
जानकारी के अनुसार, गया जिले के बेलागंज निवासी विमलेश कुमार उर्फ राखी वर्मा ने अपनी 26 डिसमिल जमीन की नापी के लिए 5 फरवरी को ऑनलाइन आवेदन किया था। आरोप है कि आवेदन के कई महीने बाद भी जमीन की नापी नहीं की गई। बाद में संबंधित अमीन ने नापी कराने के एवज में 5 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।
बार-बार रिश्वत मांगने से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से शिकायत की। शिकायत का सत्यापन कराने के बाद ब्यूरो ने ट्रैप की योजना बनाई।
पढ़ें: बिहार के 26 जिलों में वज्रपात और बारिश का यलो अलर्ट, पटना में कैसा रहेगा मौसम?
बुधवार को मखदुमपुर अंचल कार्यालय के रिकॉर्ड रूम में जैसे ही शिकायतकर्ता ने तय राशि अमीन को सौंपी, पहले से मौजूद निगरानी टीम ने उसे रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को आगे की पूछताछ और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई के लिए पटना ले जाया गया। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी किसी भी सरकारी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो उसकी शिकायत तत्काल ब्यूरो से करें। शिकायत सही पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद मखदुमपुर अंचल कार्यालय में हड़कंप का माहौल बना रहा।