बिहार के बेतिया में गंडक नदी के कटाव से दर्जनों घर नदी में विलीन हो गए हैं। वहीं, नदी के तेज कटाव से पूरा गांव दहशत में है। मामला जिले के योगापट्टी प्रखंड के सिसवा मंगलपुर पंचायत के सिसवा खापटोला गांव का है। जहां ग्रामीण गंडक नदी के कटाव से भयभीत होकर खुद अपने ही हाथों से अपना आशियाना उजाड़ने को मजबूर हैं।
नदी तेज कटाव कर रही है, जिससे ग्रामीण अपने पक्के घरों को तोड़कर सामान सुरक्षित ठिकाने पर ले जा रहे हैं। योगापट्टी प्रखंड के सिसवा मंगलपुर पंचायत के सिसवा खापटोला गांव के पास गंडक नदी ने कटाव करते हुए गांव के दर्जनों घरों को अपने आगोश में ले लिया है। गंडक नदी के तेज कटाव से दहशत में आकर गांव के लोग पलायन कर रहे हैं।
तेज कटाव को देखते हुए ग्रामीण मंगल मियां, लोरिक गद्दी और रामलोचन साह अपने-अपने पक्के मकान को तोड़कर उसके मलबे को कटाव से दूर सुरक्षित ठिकाने पर ट्रैक्टर और बैल गाड़ी से ढुलाई कर रहे हैं। वहीं, फूसनुमा घरों के गृहस्वामियों ने भी कटाव की स्थिति को देखकर अपना-अपना घर तोड़ समान निकाल कर सुरक्षित ठिकाने की ओर जाने की तैयारी शुरू कर दी है।