प्रेस वार्ता के दौरान जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा
- फोटो : अमर उजाला
बिहार में हाल ही में हुई पुलिसकर्मियों की हत्या को लेकर विपक्ष जहां नीतीश सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर हमला बोल रहा है। वहीं, जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने विपक्ष पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि बिहार में कानून का राज है, यही वजह है कि बीते 20 वर्षों में एक दिन के लिए भी कर्फ्यू लगाने की नौबत नहीं आई है।
जानकारी के मुताबिक, संजय झा शनिवार को दरभंगा के मनोकामना मंदिर परिसर में एक हिंदी फिल्म की शूटिंग के उद्घाटन समारोह में पहुंचे थे। उन्होंने मीडिया से बातचीत में दरभंगा, अररिया और मुंगेर में पुलिसकर्मियों की हत्या पर दुख जताया, लेकिन साथ ही बिना किसी राजनीतिक दल का नाम लिए विपक्ष पर निशाना भी साधा। उन्होंने कहा कि घटनाएं कहीं भी हो सकती हैं, लेकिन फर्क यह है कि बिहार पुलिस तुरंत एक्शन में आती है। दोनों घटनाओं में आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। आप लोग पत्रकार हैं, जरा यह भी देखिए कि वे गिरफ्तार कौन लोग हैं। इससे बहुत कुछ साफ हो जाएगा।
यह भी पढ़ें- Bihar:चंदा मांगने गए श्रद्धालुओं पर जानलेवा हमला, धार्मिक स्थल पर साजिश करने का आरोप; तनाव के बीच पुलिस तैनात
फिल्म शूटिंग से जुड़ा भविष्य और मिथिला की संभावनाएं
इस मौके पर संजय झा ने दरभंगा में हिंदी फिल्म की शूटिंग शुरू होने को एक ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि मुंबई से कलाकार और निर्माता अब बिहार आकर फिल्में बना रहे हैं, यह इस बात का प्रमाण है कि बिहार की कानून-व्यवस्था पहले से कहीं बेहतर हुई है। उन्होंने कहा कि कभी लोग बिहार आने से डरते थे, लेकिन अब यहां फिल्मों की शूटिंग हो रही है। यह मिथिला क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में मिथिला में एक फिल्म सिटी की स्थापना की जाएगी, जिससे फिल्म उद्योग को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। फिल्म शूटिंग से जुड़े लोगों के लिए सरकार द्वारा लाई गई योजनाओं का भी उन्होंने जिक्र किया और बताया कि सरकार इस क्षेत्र को लेकर गंभीर है।
यह भी पढ़ें- Bihar Police:मुंगेर में एएसआई की हत्या के बाद अब पुलिस टीम पर हमला, एक जवान घायल; जानें पूरा मामला
‘बिहार बदल रहा है’
फिल्म निर्माण से जुड़े लोगों ने भी दरभंगा में शूटिंग को लेकर खुशी जताई और कहा कि बिहार अब बदल रहा है। यहां संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और पारंपरिक विरासत का अनूठा संगम है। मिथिला की धरती पर फिल्म की पूरी शूटिंग की जाएगी। फिल्म की कहानी मनोरंजन से भरपूर है और दर्शकों को यह बेहद पसंद आएगी।