समस्तीपुर में एसआईआर वापसी की मांग को लेकर सीपीएम का विरोध-प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ समस्तीपुर के विभूतिपुर के सीपीएम विधायक अजय कुमार शुक्रवार को अपने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ सड़क पर उतर आए। समाहरणालय के सामने दरभंगा-पटना मार्ग पर उन्होंने जमकर विरोध प्रदर्शन किया, जिसके कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन घंटों बाधित रहा।
गरीब, दलित और अल्पसंख्यकों का वोट काटने का आरोप
प्रदर्शन के दौरान विधायक अजय कुमार ने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया के जरिए गरीब, दलित, भूमिहीन और अल्पसंख्यक समुदाय के मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग रोजगार के लिए बाहर गए हैं, उन्हें ‘माइग्रेट’ दिखाकर उनका नाम काटा जा रहा है, जो पूरी तरह गलत है।
यह भी पढ़ें- Bihar SIR Row: बिहार में मतदाता सूची के प्रारूप में 65 लाख नामों का अंतर, चुनाव आयोग ने बताई वजह; जानें
देशव्यापी विरोध की कड़ी में शामिल रहा प्रदर्शन
विधायक ने कहा कि यह आंदोलन केवल समस्तीपुर तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे देश में जिला मुख्यालय स्तर पर आज एसआईआर के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हो रहा है। उन्होंने चुनाव आयोग से तत्काल इस प्रक्रिया को वापस लेने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
नारेबाजी से गूंजा समाहरणालय परिसर
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने एसआईआर वापसी की मांग करते हुए जोरदार नारे लगाए। हाथों में बैनर और तख्तियां लिए प्रदर्शनकारियों ने समाहरणालय के मुख्य द्वार के बाहर डेरा डाल दिया, जिससे पूरा इलाका प्रदर्शन स्थल में तब्दील हो गया।
यह भी पढ़ें- Bihar News: संदिग्ध स्थिति में मिला 55 वर्षीय व्यक्ति का शव, लाठी-डंडे से पीटकर हत्या की आशंका