सोनू गौतम को दिया गया वीरता मेडल
- फोटो : social media
जम्मू कश्मीर के शोपियां में 23 जून 2019 को आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान चार आतंकियों को मार गिराने वाले सोनू गौतम को राष्ट्रपति के द्वारा शौर्य दिवस के मौके पर वीरता मेडल प्रदान किया गया है। उन्हें ये पुरस्कार भारत सरकार के गृह सचिव अजय भल्ला ने अपने हाथों से दिया। सोनू गौतम बक्सर जिले के इटाढ़ी प्रखंड के चिलहर गांव के रहने वाले हैं और वे केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के सिपाही हैं। उनकी इस उपलब्धि पर परिजनों सहित पूरा गांव और जिला गर्व महसूस कर रहा है।
जानकारी के मुताबिक, उनको दिए गए इस पुरस्कार की घोषणा 20 जनवरी को की गई थी। 26 जनवरी को राष्ट्रपति के ने उनके सम्मान पत्र पर हस्ताक्षर कर दिए थे । सोनू गौतम को इस बहादुरी के लिए राष्ट्रपति द्वारा गैलेंट्री अवार्ड प्रदान किया गया था। बक्सर की मिट्टी के लाल को सम्मानित किए जाने पर जिले के कई प्रबुद्ध लोगों ने उन्हें बधाई दी है।
सोनू गौतम को वीरता पुरस्कार दिए जाने पर उनके परिजनों सहित पूरा जिला उन पर गर्व महसूस कर रहा है। उनके पिता रामनाथ सिंह ने इस मौके पर बताया कि सोनू बचपन से ही साहसी था। वो बचपन से ही सेना में भर्ती होकर देश सेवा करने का सपना देखता था।
चार आतंकियों को मार गिराया था
दरअसल, 23 जून 2019 को उन्हें सूचना मिली थी कि जम्मू कश्मीर के शोपियां में कुछ आतंकी एक जगह छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर जब सोनू गौतम अपने साथी जवानों के साथ वहां पहुंचें तो आतंकियों ने भागने का प्रयास किया। इस पर सोनू गौतम और उनके एक अन्य साथी संजीव कुमार ने आतंकियों को चेतावनी दी। इसके जवाब में दूसरी तरफ से आतंकियों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। इस पर कार्रवाई करते हुए सोनू और उनके साथी ने जवाबी फायरिंग की। इस फायरिंग में चार दुर्दांत आतंकवादियों को उन्होंने मार गिराया। जांच के आधार पर उनके पास से भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद हुआ था।
बक्सर के मिट्टी के लाल को सम्मानित किए जाने पर जिले में खुशी की लहर है। परिजनों के साथ-साथ जिले के लोग भी बधाई दे रहे हैं।