यूट्यूबर मनीष कश्यप उर्फ त्रिपुरारि कुमार तिवारी को अंतत: रिहाई मिल गई है। पटना हाईकोर्ट से मिली जमानत के बाद आर्थिक अपराध कोर्ट ने मनीष कश्यप को राहत दे दी है। मनीष कश्यप के बेऊर जेल से बाहर आते ही समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी। पूर्वी और पश्चिमी चंपारण समेत बिहार के कई हिस्सों से आए समर्थक फूल-माला लेकर स्वागत किया। समर्थकों ने जमकर नारेबाजी भी की। इधर, विधि व्यवस्था को देखते हुए पटना पुलिस अलर्ट मोड पर है। वहीं भीड़ के कारण सड़क पर कुछ देर तक जाम लग रहा।
कोर्ट सूत्रों के अनुसार पटना हाईकोर्ट से मिली जमानत के आधार पर बंधपत्र दाखिल करने के बाद आर्थिक अपराध इकाई की विशेष अदालत (पटना सिविल कोर्ट स्थित) ने यूट्यूबर मनीष कश्यप को जेल से बाहर आने आदेश जारी कर दिया। आर्थिक अपराध की इकाई विशेष न्यायाधीश सारिका बहालिया ने यह आदेश न्यायिक अभिरक्षा में रहते हुए हथकड़ी पहनकर संवाददाताओं को वक्तव्य देने के मामले में जारी किया। वहीं तमिलनाडु में बिहारी मजदूरों के खिलाफ हिंसा के फर्जी वीडियो जारी करने के तीन अन्य मामलों में मनीष कश्यप के खिलाफ जारी पेशी वारंट को उसके अनुरोध पर वापस ले लिया। बाकी तीन मामलों में उसे पहले ही जमानत हो चुकी थी।