बिहार की राजधानी पटना के पास स्थित दानापुर में रविवार को एक बम विस्फोट हो गया जिसमें चार लोग घायल हो गए और एक मकान ध्वस्त हो गया। इससे पहले शनिवार की रात को पटना सिटी में एक जमीन कारोबारी की हत्या कर दी गई थी।
बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। बेलगाम अपराधियों ने शनिवार की रात पटना सिटी के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में आने वाले अंबेडकरनगर में जमीन कारोबारी सूरज कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी। पटना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। अभी तक हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
विज्ञापन
वहीं, रविवार को राजधानी पटना से सटे दानापुर में एक मकान में जबरदस्त विस्फोट हो गया। घटना में मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चार लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार दानापुर थाना के जनकधारी स्कूल के पीछे एक मकान में अचानक विस्फोट हुआ।
विस्फोट इतना तगड़ा था कि मकान ऊपरी हिस्से उड़ गया और मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। विस्फोट में मोहल्ले के ही शफीक की पत्नी आयशा खातून, बेटा अब्दुल्ला (4), बेटी शाहिदा (9) और रफी की मां जाहिदा खातून बुरी तरह घायल हो गईं।