बिहटा थाना क्षेत्र में गुरुवार को तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी इलाज के लिए पटना ले जाने के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान 51 वर्षीय मनोज कुमार सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने ट्रक जब्त कर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है
पटना में गुरुवार को बिहटा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में ऑटो चालक की मौत हो गई। हादसा आदित्य विजन के सामने हुआ, जब तेज रफ्तार ट्रक ने एक ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी।
विज्ञापन
दुर्घटना में ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल बिहटा स्थित ईएसआईसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद चालक की गंभीर स्थिति को देखते हुए पीएमसीएच रेफर कर दिया, लेकिन पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 51 वर्षीय मनोज कुमार सिंह, निवासी कटारी, के रूप में हुई है।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी और ट्रक अनियंत्रित होकर ऑटो से टकरा गया, जिसके कारण ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर बिहटा बाजार समिति परिसर में रखा गया है। साथ ही फरार ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।