बेतिया में हाइवे पर स्टंट कर रील बना रहा एक युवक गिर गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जाता है कि युवक राइडर मैन के नाम से जाना जाता है, तथा वह फेसबुक पर स्टाइलिस्ट छोकरा के नाम से प्रसिद्ध है।
बता दें कि घटना जिले में इनरवा थाना क्षेत्र के इनरवा खम्हियां गांव की है। घायल युवक की पहचान इनरवा थाना क्षेत्र के इनरवा खम्हियां गांव निवासी हासीम मियां का 16 वर्षीय पुत्र सनाउल्लाह के रूप मे की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, युवक इनरवा गांव से आगे नगरदही सीमा सैनिक सुरक्षा सड़क पर स्टंट कर रह वीडियो बना रहा था। इसी दौरान वह अचानक गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। इतना जोर से युवक गिरा कि उसके दाहिने पैर के परखच्चे उड़ गए और वह बेहोश होकर सड़क पर गिर गया।
घटनास्थल पर मौजूद उसके साथ स्टंट का वीडियो बनाने गए अन्य दोस्तों ने आनन-फानन में उठाकर इलाज के लिए इनरवा निजी नर्सिंग होम ले गए। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए बेतिया रेफर कर दिया है। वहीं, किशोर को उसके परिजनों ने इलाज के लिए बेतिया ले गए, जहां एक निजी नर्सिंग होम में उसका इलाज चल रहा है।
वहीं, परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। इस घटना के बाद जितनी मुंह उतनी बाते सुनने को मिल रही हैं। वहीं, स्टंट कर रील बनाने वाले युवाओं में हड़कंप का माहौल है। इधर, थानाध्यक्ष प्रकाश कुमार ने बताया कि मामले कि जानकारी नहीं मिली है। हालांकि, पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।जानकारी मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।