रोहिणी अपने पिता लालू प्रसाद से साथ यह तस्वीर शेयर की।
- फोटो : सोशल मीडिया
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के जन्मदिन पर सिंगापुर से पटना आईं उनकी बेटी रोहिणी आचार्या भावुक हो गई हैं। उन्होंने अपनी भावना सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए RSS और BJP पर जमकर निशाना साधा है। रोहिणी ने लिखा कि आज पापा का जन्मदिन है। मैं थोड़ी भावुक हूं। बहुत मुश्किल परिस्थितियों से लड़ते हुए वे आज हमारे बीच हैं। बचपन से उन्हें लड़ते देख रही हूं। राजनीति के मैदान से अस्पताल तक उन्हें लड़ते देखी हूं। वह मेरी ताकत और सम्बल हैं। उनकी बेटी होने का तो गर्व है ही। लेकिन उनके होने मात्र से जो संबल और ताकत मिलती है उसे मैं शब्दों में नहीं बयां कर सकती। वह मेरे लिए ईश्वर हैं।
ना कभी समझौता किया, और ना ही कभी टूटे
रोहिणी ने आगे लिखा कि वह (लालू प्रसाद यादव) वास्तव में इस दौर के सामाजिक प्रणेता हैं। उन्होंने जिस तरीके से पूरे समाज में भाईचारे और प्रेम को बढ़ाने के लिए अपना जीवन खपाया है वह हमें भी प्रेरित करता है। वह जीवन भर सांप्रदायिक ताकतों से जिस तरीके से लड़ते रहे, सामाजिक न्याय की लड़ाई के लिए जिन्होंने अपना पूरा जीवन दे दिया, वैसे शख्सियत को जिस तरीके से भाजपा और RSS के लोगों ने परेशान किया है उससे मन आंदोलित हो जाता है। उसके बावजूद भी उन्होंने ना कभी समझौता किया, और ना ही कभी टूटे। हम आजीवन आपसे प्रेरणा लेते रहेंगे और इस समाज को सींचते रहेंगे। रोहिणी ने आगे लिखती हैं कि जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं। आप की विचारधारा को हम सब आगे बढ़ाते रहेंगे। देश और समाज को, बिहार को हमेशा बेहतर देने की कोशिश करते रहेंगे।
सीएम नीतीश कुमार ने दी राजद सुप्रीमो को बधाई
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को उनके जन्मदिन पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें दी है। मुख्यमंत्री ने उनके स्वस्थ्य एवं सुदीर्घ जीवन की कामना की है। मुख्यमंत्री ने दूरभाष पर भी वार्ता कर राजद सुप्रीमो श्री लालू प्रसाद यादव जी को जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनायें दीं।