बक्सर के डुमरांव में मुलायम सिंह यादव हत्याकांड में पुलिस ने 72 घंटे के भीतर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल पिस्टल बरामद की है। महिला से अभद्र व्यवहार और जमीन विवाद के आरोपों की जांच जारी है।
बक्सर जिले के डुमरांव थाना क्षेत्र में सम्हार-महरौरा मार्ग पर दिनदहाड़े हुई मुलायम सिंह यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने हत्याकांड में संलिप्तता के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल भी बरामद की गई है। मंगलवार शाम डुमरांव के प्रभारी एसडीपीओ समीर कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता कर गिरफ्तारी और जांच से जुड़ी जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सम्हार गांव निवासी सोनम कुमार उर्फ मुलु, पिता धर्मेंद्र यादव, और प्रतीक यादव उर्फ पिंटू, पिता स्वर्गीय राजेंद्र सिंह के रूप में हुई है। दोनों मृतक के गांव के ही रहने वाले हैं। घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और तकनीकी सहित अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। इसी क्रम में दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
हालांकि, प्रभारी एसडीपीओ समीर कुमार सिंह के मुताबिक, प्राथमिकी में दर्ज जमीन विवाद से जुड़े आरोपों की अब तक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है, ताकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके।