Bihar : एक मां अपनी एक साल की बच्ची को दुपट्टे से सीने में बांधकर नहर में छलांग लगा दी। इस घटना में मां और बेटी दोनों की मौत हो गई। परिजनों ने कहा कि 4 साल पहले प्रेम विवाह किया था और अब मेरी बेटी और नातिन की हत्या कर दी।
बेतिया में एक विवाहिता ने अपने एक साल की बच्ची को दुपट्टे से सीने में बांधकर नहर में कूदकर जान दे दी। मृतका की पहचान कालीबाग थाना क्षेत्र अंतर्गत पूर्वी करगहिया निवासी यस कुमार की पत्नी ज्योति कुमारी (22) और एक साल की बेटी सोनी कुमारी के रूप में की गई है। घटना बैरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मथौली नहर के पास की है। हालांकि परिजनों का आरोप है कि ससुराल के लोगों ने दोनों की हत्या कर दी।
विज्ञापन
चार साल पहले हुआ था लव मैरेज
घटना के संबंध में मृतका के पिता बैरिया गांव निवासी मनोज यादव ने बताया कि उनकी बेटी ज्योति 2020 में पूर्वी करगहिया निवासी कृष्णा यादव के पुत्र यश कुमार यादव (24) के साथ भाग कर शादी कर ली। शादी के बाद वह और उनके परिवार के लोग ज्योति से बात करना छोड़ दिया। इधर कुछ दिनों से ज्योति अपने मां और घर वालों के पास फोन करती थी। एक साल पहले उसे एक बेटी भी हुई थी। मनोज ने बताया कि उनकी बेटी उनसे फोन पर बताई थी कि उसके घर वाले और पति हमेशा मारपीट करते हैं। पारिवारिक कलह से वह काफी परेशान है। उन्होंने बताया कि ज्योति के घर वालों ने उसे और उसकी बेटी की हत्या कर शव को नहर में फेंक दिया है।
जांच में जुटी पुलिस
परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मां बेटी के शव को खोजने में जुट गई। काफी कोशिश के बाद पुलिस ने नहर से मां-बेटी के शव को बाहर निकाला। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के संबंध में थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि दोनों शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के हवाले कर दिया गया है। मामले में मृतका के पिता के आवेदन पर एफआईआर दर्ज कर अग्रसर कार्रवाई की जाएगी।