गया जिले में इस बार नवरात्रि के दौरान पूजा पंडाल में बजाए गए एक गाने को लेकर बीजेपी के प्रदेश नेता अमित कुमार दांगी और गुरुआ थाना के थानेदार सरफराज इमाम के बीच हुई तीखी बहस सुर्खियों में है। इस घटना का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों के बीच तकरार साफ सुनाई दे रही है। मामला तब सामने आया जब पूजा पंडाल में बजाए जा रहे एक गाने को लेकर बीजेपी नेता ने थानेदार से शिकायत की, लेकिन थानेदार का गुस्से भरा जवाब सुनने को मिला।
पूजा पंडाल में बजा विवादित गाना
जानकारी के अनुसार, गया जिले के गुरुआ थानाक्षेत्र के श्री रामबीघा गांव में नवरात्रि के मौके पर मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई थी। पूजा पंडाल में एक गाना बजाया जा रहा था, जिसका राजनीतिक झुकाव राजद (राष्ट्रीय जनता दल) की ओर था। गाने के बोल थे ‘अबकी बार जलतो लालटेन छौड़ी लाठी के जोर पर’ जो राजनीतिक रूप से राजद का समर्थन करता है। बीजेपी प्रदेश नेता अमित कुमार दांगी ने इस गाने पर आपत्ति जताते हुए थानेदार सरफराज इमाम को फोन किया और इसकी शिकायत की।
थानेदार और बीजेपी नेता के बीच तीखी बहस
शिकायत के बाद थानेदार सरफराज इमाम ने गुस्से में बीजेपी नेता को होश में रहने की सलाह दी, जिसके बाद दोनों के बीच बहस और तीखी हो गई। इस बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। ऑडियो में बीजेपी नेता अमित कुमार दांगी पूछते हैं कि यह गाना बज रहा है, इसका परमिशन किसने दिया है? इस पर थानेदार ने जवाब दिया कि होश में रहिए, ज्यादा उल्टा-पुल्टा मत करिए, समझ गए?
राजद विधायक पर आरोप
बीजेपी नेता अमित कुमार दांगी ने दावा किया कि यह पूरी घटना राजद विधायक विनय कुमार के इशारे पर हुई है। उनका आरोप है कि पूजा पंडाल में जानबूझकर राजद समर्थित गाना बजाया गया, जिससे क्षेत्र में उन्माद फैलाने की कोशिश की जा रही थी। उन्होंने कहा कि थानेदार का व्यवहार भी इस पूरे मामले में पक्षपातपूर्ण और उकसाने वाला था।
थानेदार ने आरोपों को नकारा
वहीं, गुरुआ थाना के थानेदार सरफराज इमाम ने सभी आरोपों को खारिज कर कहा कि जब वह पूजा स्थल पर पहुंचे, तो वहां ऐसा कोई गाना नहीं बज रहा था। उन्होंने बताया कि अमित कुमार दांगी ने फोन पर उन्हें इस बारे में जानकारी दी थी, लेकिन जांच के दौरान उन्हें कोई आपत्तिजनक गाना नहीं मिला। थानेदार ने यह भी कहा कि उन्हें यह समझ नहीं आया कि दांगी ने किस आधार पर परमिशन की बात उठाई।
राजनीतिक विवाद ने पकड़ा जोर
यह घटना राजनीतिक रूप से संवेदनशील हो गई है, क्योंकि एक तरफ बीजेपी नेता इसे राजद समर्थित उन्माद फैलाने का प्रयास बता रहे हैं। वहीं दूसरी ओर पुलिस और स्थानीय प्रशासन इसे एक साधारण शिकायत मान रहे हैं। इस विवाद के बाद क्षेत्र में सियासी पारा चढ़ गया है। बीजेपी नेता ने गया के सीनियर एसपी आशीष भारती से इस मामले की शिकायत की है।