मृतका के घर के पास जुटे स्थानीय लोग।
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
दहेज की प्रताड़ना से तंग आकर एक विवाहिता ने आत्महत्या कर लिया। घटना गोपालगंज जिले के भोरे थाने के सिसई गांव का है, जहां एक महिला ने दहेज के लिए प्रताड़ना से तंग आकर खुदकुशी कर ली। परिजनों ने इस मामले को लेकर थाने में पति सहित नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराया है।
2021 में हुई थी शादी
घटना के संबंध में पुलिस का कहना है कि सिसई गांव के उमेश वार्नवाल की बेटी नेहा की शादी वर्ष 2021 में यूपी के देवरिया जिले के खामपार थाने क्षेत्र अंतर्गत भिंगारी बाजार के मोती लाल वर्नवाल के पुत्र अमित कुमार वार्नवाल के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन के बाद ही उसे दहेज में पांच लाख रुपये नगद, बाइक और सोने के चेन के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। यह सिलसिला कुछ महीनों तक लगातार चलता रहा।
उत्तर प्रदेश से भगा दिया था फिर हुई पंचायत
मृतका के परिजनों का कहना है कि दहेज़ नहीं देने पर उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। फिर करीब डेढ़ वर्ष पूर्व उसे उनलोगों ने मार-पीटकर नेहा को घर (उत्तर प्रदेश) से निकाल दिया। उसी समय से वह मायके में रहने लगी। करीब एक महीने पूर्व पंचायत हुई। पंचायत में पंच के अलावे अन्य स्थानीय लोगों ने उन सबों को महिला को रखने की बात कही, लेकिन नेहा के ससुराल वाले उसे रखने से इंकार कर दिए। इस वजह से वह काफी दबाव में रहने लगी।
उत्तर प्रदेश में हुई मौत
मृतका के परिजनों का कहना है कि मानसिक दवाब की वजह से नेहा ने 17 दिसंबर को खुदकुशी करने की नियत से गैस सिलेंडर से आग लगा ली, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। आननफानन में परिजन उसे स्थानीय अस्पताल ले गये, जहां चिकित्सक उसके गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन जख्मी नेहा को उत्तर प्रदेश के देवरिया ले गये, जहां इलाज के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई।
पति समेत नौ लोगों पर मामला दर्ज
घटना के संबंध में पुलिस का कहना है कि इस मामले में मृतका के पिता के बयान पर नेहा के पति अमित कुमार वार्नवाल सहित ससुराल के नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। विवाहिता का शव उसके मायके पहुंचते ही परिजनों में चीत्कार मच गया।