ट्रिपल मर्डर के मुख्य आरोपी ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपी संजय यादव ने शनिवार की देर शाम अपने समधी, बहू और उसके भाई की गोली मरकर हत्या कर दी थी। मामला साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र क़े बिशनपुर आहोक पंचायत अंतर्गत गोविंदपुर का है। संजय यादव ने अपर मुख्य न्यायाधीश दंडाधिकारी के न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया।न्यायालय ने उसे न्यायिक हिरासत में लेते हुए जेल भेज दिया। पुलिस ने सोमवार को इस मामले में दो आरोपियों अभिषेक और जीवेश को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस के दवाब में आकर संजय यादव ने सरेंडर किया है।
प्रेम प्रसंग में हुई थी शादी
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के श्रीनगर छर्रापट्टी निवासी उमेश यादव के बेटी लूसी कुमारी की शादी गोविंदपुर वार्ड 9 निवासी संजय यादव के भतीजा ललन यादव के साथ से हुई थी। इस वजह से दोनों परिवार के लोगों का आना जाना लगा रहता था। इसी दौरान लूसी को उसकी
दीदी के देवर हिमांशु से प्यार हो गया। एक दिन नीलू और हिमांशु यादव एक दूसरे से चुपके चुपके मिल रहे थे, जिसके बाद दोनों की रजामंदी से दोनों की शादी करवा दी गई, लेकिन लड़का पक्ष इस शादी से खुश नहीं था।
ससुराल पक्ष बहू को रखने के लिए नहीं थे तैयार
परिजनों का कहना है कि शादी के बाद नीलू और हिमांशु यादव दोनों खुश थे लेकिन हिमांशु के पिता संजय यादव इस शादी से खुश नहीं थे। इस वजह से वह अपने बेटे की शादी कहीं और करना चाहते थे। इसी बात को लेकर नीलू अपने पिता उमेश यादव के साथ अपने ससुराल आई और वहां रहने की बात कहने लगी लेकिन संजय यादव ने उसे रखने से साफ इंकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों तरफ से बहस होने लगी। इस दौरान लूसी ने फोन कर अपने भाई राजेश यादव को भी वहां बुला लिया। उसके आते ही संजय यादव और उसके साथ के लोगों ने दनादन इन तीनों पर गोली चलानी शुरू कर दी, जिसमें उमेश यादव, उनके पुत्र राजेश यादव (25) और उनकी बेटी नीलू कुमारी (21) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।