Bihar : चार भाई-बहनों में वंदना तीसरे नंबर पर थी। वह दरोगा बनना चाहती थी। इसलिए वह घर पर ही रहकर कम्पीटिशन की तैयारी कर रही थी। आज उसने फंदे से झूलकर जान दे दी। परिजन कह रहे हैं कि लड़की डिप्रेशन में थी। अब पुलिस वजह तलाश रही है।
जमुई में फंदे से झूलकर एक छात्रा ने आत्महत्या कर ली। घटना बरहट थाना क्षेत्र के दोबटिया गांव की है। घटना के बाद मृतका के घर पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना बरहट थाने की पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल जमुई भेज दिया। मृतका की पहचान दोबटिया गांव निवासी दीनबंधु वर्णवाल की पुत्री वंदना वर्णवाल उर्फ पूजा वर्णवाल (21) के रूप में की गई है।
विज्ञापन
दारोगा में चयन नहीं होने से थी डिप्रेशन में
घटना के संबंध में मृतका के पिता ने बताया कि चार बहन-भाई में बंदना तीसरे नंबर पर थी। उसकी तमन्ना थी कि वह दरोगा बने। इसको लेकर वह घर पर ही रहकर कम्पीटिशन की तैयारी कर रही थी। एक दो बार वह दरोगा की परीक्षा भी दी थी लेकिन वह सफल नहीं हो सकी। इस वजह से वह काफी तनाव में रह रही थी, जबकि बंदना नित्यदिन सुबह में दौड़ने के लिए भी जाती थी। वहीं हर रोज की तरह बुधवार को भी सुबह में वह दौड़ने गई थी और दौड़कर आने के बाद नाश्ता कर अपने रूम में छत पर पढ़ने चली गई। जब दोपहर में खाना खाने नीचे नहीं आई तो घर के सदस्य उसके रूम में देखने गए तो छत में लगे कुंडी में गमछे के सहारे झूल रही थी। आनन फानन में उसे उतारा गया। लेकिन तबतक उसकी मौत हो चुकी थी।
जांच में जुटी पुलिस
आननफानन में परिजनों और स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना बरहट थाना को दी। घटना की जानकारी मिलने पर अपर थानाध्यक्ष धनंजय सिंह, एसआई रूही फातमा दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। घटनास्थल की जांच के बाद शव को सदर अस्पताल भेज दिया। घटना के संबंध में बरहट थानाध्यक्ष कुमार संजीव ने बताया कि दोबटिया गांव में एक युवती के आत्महत्या करने का सूचना मिली थी। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।