अस्पताल में बैंक कर्मी का इलाज करते स्वास्थ्यकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
हाजीपुर में बेखौफ अपराधियों ने बैंक कर्मचारी को गोली मार दी। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बैंक कर्मचारी वैशाली जिला के लालगंज ब्रांच के SBI के फिल्ड ऑफिसर अमर ज्योति हैं। घटना करताहां थाना क्षेत्र के चांदी धनुषी की है। घटना के संबंध में स्थानीय लोगों का कहना है कि अमर ज्योति अपने घर से बैंक जा रहे थे, तभी चांदी धनुषी में अपराधियों ने अमर ज्योति को गोली मार दी। आननफानन में स्थानीय लोगों ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी स्थिति गंभीर है। बैंक कर्मचारी अमर ज्योति हाजीपुर के काजीपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
पांच महीना पहले हुआ है तबादला
घायल बैंककर्मी अमर ज्योति के सहयोगियों का कहना है कि अमर ज्योति का तबादला 5 महीने पूर्व ही हाजीपुर के SBI शाखा से लालगंज हुआ था। वह हर दिन की तरह आज भी अपने घर से निकल कर बैंक जा रहे थे। तभी रास्ते में अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। अमर ज्योति मुख्य रूप से बैंक कर्मचारी का लोन संबंधी कार्य फील्ड में करता था।
घटना का कारण स्पष्ट नहीं
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और जांच में जुट गई। घटना के संबंध में एसडीपीओ ओमप्रकाश ने बताया कि घटना का सीसीटीवी मिला है जिसमें अपराधी दिख रहे हैं। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के अनुसार बाइक पर सवार दो अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया है। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर छानबीन शुरू कर दी गई है और अपराधी के भागने वाली दिशा में पुलिस जांच पड़ताल करते हुए छापेमारी कर रही है।उन्होंने बताया कि अमर ज्योति को गोली किसने और क्यों गोली मारी यह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि अमर ज्योति के फर्द बयान का इंतजार है। फिलहाल पुलिस कार्रवाई कर रही है।