बिहार विधानसभा चुनाव में सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही जनसुराज पार्टी के एक वरीय नेता राजीव राय बबली ने इस्तीफा दे दिया है। पार्टी अध्यक्ष को इस्तीफ सौंपने के बाद उक्त नेता ने बड़ा आरोप भी लगा दिया है। राजीव राय बबली आगामी चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं।
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले ही प्रशांत किशोर की पार्टी को झटका लगा है। पार्टी के पूर्णिया जिले के महानगर अध्यक्ष राजीव राय बबली ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। राजीव राय बबली ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती को अपना इस्तीफा सौंप दिया। बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के लिए यह एक बड़ा झटका है। राजीव राय बबली का इस्तीफा पार्टी के लिए एक बड़ा नुकसान हो सकता है। अब देखना होगा कि पार्टी इस पर क्या कार्रवाई करती है?
विज्ञापन
इधर, राजीव राय बबली ने जिला कमेटी पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जिला कमेटी प्रदेश नेतृत्व को गलत सूचना देती है। राजीव राय ने कहा कि वह पार्टी के स्थापना काल से ही जुड़े हुए थे और पार्टी को पूर्णिया में मजबूत करने के लिए कई कदम उठाए थे। उन्होंने कहा कि पार्टी को मजबूत करने के लिए उन्होंने जन संपर्क अभियान चलाया, पंचायत और गांव में बैठकें कीं और युवा वर्ग को पार्टी में जोड़ा। लेकिन, इसके बावजूद जिला कमेटी ने उनकी अनदेखी की। राजीव राय बबली ने आरोप लगाया कि जिला कमेटी ने उन्हें कोई भी बैठक में नहीं बुलाया और प्रदेश नेतृत्व को गलत सूचना दी। इससे वह काफी नाराज हैं और जिला कमेटी के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
बता दें राजीव राय बबली की पूर्णिया विधानसभा सीट पर मजबूत पकड़ है। उनकी पत्नी कल्याणी राय वर्तमान में पूर्णिया नगर निगम वार्ड नंबर चार की वार्ड पार्षद हैं। राजीव राय खुद भी पूर्णिया विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन पार्टी में गुटबाजी के कारण उन्होंने इस्तीफा दे दिया। महानगर अध्यक्ष राजीव राय बबली का इस्तीफा अभी तक पार्टी द्वारा स्वीकार नहीं किया गया है।