Bihar : अभी फैसला हुआ नहीं और एक पार्टी अपना सिंबल बांट रही, नस-नस में अराजकता भरा हुआ है, कांग्रेस को राजद से पिंड छुड़ा लेनी चाहिए। तानाशाही है, और वह जब-जब मजबूत होता है बिहार भयाक्रांत हो जाता है।
टिकट मिलने के बाद पहली बार शिवहर पहुंचे पूर्व सांसद आनंद मोहन राष्ट्रीय जनता दल पर जमकर बरसे । पप्पू यादव को पूर्णिया से टिकट नहीं मिलने पर पूर्व सांसद आनंद मोहन ने राजद का नाम लिए बगैर कहा कि महागठबंधन में टिकट बंटवारे को लेकर अभी फैसला हुआ नहीं है और एक पार्टी अपना सिंबल बांट रही है। दूसरे लोग टकटकी लगा रहे हैं कि हमारा क्या होगा। एक व्यक्ति अपने पार्टी को मर्ज करता है और कहता है कि मैं पूरी तरह से बर्बाद हो गया। पूर्व सांसद ने कहा कि बिहार के एक पार्टी के नस-नस में अराजकता भरा हुआ है। तानाशाही है, और वह जब-जब मजबूत होता है बिहार भयाक्रांत हो जाता है।
विज्ञापन
वाम दल और कांग्रेस को दी नसीहत
आनंद मोहन ने वाम दल और कांग्रेस को सलाह देते हुए कहा कि दोनों दलों को आत्ममंथन करना चाहिए। उन्हें सोचना चाहिए कि हमारी स्थिति पूर्व में कैसी थी और अब लालू जी के साथ आने के बाद क्या हो गई है। उन्होंने कांग्रेस को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें लालू की पार्टी से पिंड छुड़ा लेना चाहिए।
गुरूवार को एनडीए की समन्वय समिति की बैठक में शामिल होंगी लवली
शिवहर संसदीय क्षेत्र से जदयू उम्मीदवार लवली आनंद की जीत सुनिश्चित कराने के लिए एनडीए के सभी घटक दल के जिलाध्यक्ष के साथ बैठक की गई। इस दौरान एनडीए के नेताओं ने एक स्वर से कहा कि शिवहर सीट पर जदयू की जीत सुनिश्चित है। गुरूवार को एनडीए की समन्वय समिति की बैठक में भाजपा और जदयू के कई मंत्री शामिल होंगे। साथ ही हम और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश स्तर के नेता चुनावी शंखनाद करेंगे। आनंद मोहन ने कहा कि शिवहर में कल पूर्व सांसद लवली आंनद संसदीय क्षेत्र में प्रवेश करेगी। तत्पश्चात एनडीए कार्यकर्ताओं के द्वारा स्वागत अभिवादन का कार्य किया जाएगा।