पटना सिटी के सुलतानगंज थाना क्षेत्र के एक मकान में संदिग्ध परिस्थिति में पुलिस ने सचिवालय के कर्मचारी की लाश बरामद की है। पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर सचिवालय में काम करने वाले व्यक्ति का शव कमरे से बाहर निकाला। मृतक की पहचान रंजीत पासवान (30) के रूप में हुई है। रंजीत पासवान मूल रूप से बेगूसराय का रहने वाला था और पटना के सुल्तानगंज के रानीपुर मोहल्ले में किराए के मकान में रहता था।
अचानक लड़खड़ाकर गिर जाने से सिर में चोट लगने की बात
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना के नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। सुल्तानगंज थाने की पुलिस ने इस मामले में पुष्टि करते हुए बताया कि रंजीत पासवान का शव उनके कमरे से बेड पर पड़ी हुई पाई गई। उन्होंने बताया कि ऐसा प्रतीत होता है कि कमरे में जाने के बाद अचानक लड़खड़ाकर गिर जाने से सिर में चोट लगने और अधिक खून के रिसाव के कारण रंजीत पासवान की मौत हुई होगी।
रंजीत पासवान खून से लथपथ अपने बेड पर पड़ा था
बताया जा रहा है कि पटना के सुलतानगंज थाना के रानीपुर मोहल्ले में बेगूसराय निवासी नंदकिशोर पासवान का 30 वर्षीय पुत्र रंजीत पासवान किराए के मकान में रहता था। रंजीत पासवान पटना के सचिवालय में पदस्थापित था। बताया जा रहा है कि प्रतिदिन की तरह शनिवार की रात वह अपने कमरे में गया और कमरे को अंदर से बंद कर लिया। रविवार की सुबह जब वह अपना कमरा नहीं खोला तो लोगों ने शक के आधार पर इसकी सूचना सुल्तानगंज थाने को दी। सुल्तानगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और रंजीत पासवान का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो रंजीत पासवान खून से लथपथ अपने बेड पर पड़ा था। इस मामले को लेकर सुलतानगंज थाना प्रभारी नागमणि कुमार ने बताया कि रंजीत पासवान के परिजनों को इसकी सूचना दे दी गई है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि किसी भी तरह से यह हत्या या आत्महत्या का मामला प्रतीत नहीं हो रहा है। पुलिस मामले की गहराई से छानबीन कर रही है।