मुख्यमंत्री दे रहे हैं निर्देश
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
बापू की जीवनी, उनके विचारों और उनके आदर्शों को जान सकेगी नई पीढ़ी
मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान कहा कि बापू टावर के लोकार्पण हो जाने पर बापू की जीवनी, उनके विचारों और उनके आदर्शों को नई पीढ़ी जान सकेगी। यहां बापू के जीवन से जुड़ी ऐतिहासिक घटनायें, गांधी जी के विचार, स्वतंत्रता संग्राम में उनकी भूमिका, बिहार से उनके लगाव तथा बापू के आदर्शों को बेहतर ढंग से रेखांकित कर प्रदर्शित किया जा रहा है ताकि आमजन यहां आकर उसे देख और समझ सकें। इस परिसर को हरा-भरा और व्यवस्थित बनाया गया है। बापू टावर बहुत अच्छा बन गया है, यह लोगों के लिये दर्शनीय होगा। हमने इसके निर्माण कार्य को कई बार आकर देखा है और समय-समय पर सुझाव भी देते रहे हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बापू टावर के आसपास के सड़कों का चौड़ीकरण करायें ताकि यहां पहुंचने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही सड़क के किनारे वृक्षारोपण भी करायें।
बापू टावर का निरीक्षण करते मुख्यमंत्री नीतीश कुमार
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
2017 में चम्पारण सत्याग्रह शताब्दी समारोह में की थी घोषणा
चम्पारण सत्याग्रह शताब्दी समारोह का आयोजन 10 अप्रैल 2017 से 20 अप्रैल 2018 तक किया गया। 10 और 11 अप्रैल 2017 को राष्ट्रीय विमर्श कार्यक्रम के आयोजन के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महात्मा गांधी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पटना में संग्रहालय के स्वरूप में 'बापू टावर' के निर्माण की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री की परिकल्पना के अनुरूप गर्दनीबाग में सात एकड़ भूमि में भवन निर्माण विभाग ने बापू की 150वीं जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर 2018 को इस भवन का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
यह है विशेषता
बापू टावर के दो मुख्य भाग हैं- आयताकार एवं शंकुकार। जी प्लस सिक्स आयताकार भवन में तीन प्रदर्शन गैलरी, प्रेक्षागृह, अस्थायी प्रदर्शनी दीर्घा, कार्यालय कक्ष, प्रतिक्षालय, म्यूजियम शॉप एवं जलपान गृह अवस्थित हैं। 102 फीट ऊंचे शंकुकार भवन में लगातार क्रम में निर्मित 5 रैम्प हैं, जिस पर गांधी जी के जीवन से संबंधित सभी जानकारियां, म्यूरल, कटआउट, स्क्रीन प्रोजेक्टर आदि के माध्यम से प्रदर्शित की गयी है।
निरीक्षण करते मुख्यमंत्री
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
ये लोग भी थे मौजूद
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव सह भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह सहित भवन निर्माण विभाग के अन्य वरीय अधिकारी एवं अभियंतागण उपस्थित थे।