झूठा केस कर के पुलिस ने किया है एनकाउंटर, इसकी हो सही से जांच
मोहम्मद जाहिद उर्फ सोनू के पिता मोहम्मद मुस्तफा और भाभी आवरीन का कहना है कि मोहम्मद जाहिद उर्फ सोनू पर लगाए गए सभी आरोप झूठे और गलत हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुसलमान होने के नाते मोहम्मद जाहिद उर्फ सोनू पर झूठा आरोप लगाकर उसे एनकाउंटर में मार गिराया गया। परिवार के लोगों ने यह भी बताया कि अभी 2 दिन पहले उत्तर प्रदेश और फुलवारी शरीफ थाने की पुलिस मोहम्मद जाहिद उर्फ सोनू को खोजते हुए मंसूर गली के घर पहुंची थी। उनके पिता मोहम्मद मुस्तफा ने बताया कि मोहम्मद जाहिद कुछ वर्ष पूर्व एक महिला से शादी कर लिया था और वह उसके साथ घर से अलग एक कॉलोनी में किराए पर मकान लेकर रहता था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मोहम्मद जाहिद पर पुलिस ने एक-एक कर के कई केस लाद दिए हैं। उन्होंने इसकी जांच की मांग की है।
पिता ने इस वजह से उसे घर से निकाल दिया था
मोहम्मद जाहिद उर्फ सोनू अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था। बड़ा भाई आदिल और मंजोला भाई पिंटू सब्जी बेचने का काम करता है। मोहम्मद जाहिद उर्फ सोनू की भाभी आबरिन ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि यूपी की पुलिस उनके देवर को गलत-गलत आरोप लगाकर मुसलमान होने के नाम पर एनकाउंटर में मार गिराया है। वहीं दूसरी तरफ पटना के एसडीएम कार्यालय में द्वारपाल के पद पर पदस्थापित मोहम्मद जाहिद उर्फ सोनू के मामा मोहम्मद शमसुद्दीन ने बताया कि मोहम्मद जाहिद पर जो एक लाख का इनाम दर्शाया गया है, वह बिल्कुल गलत है। वही उनके पिता मोहम्मद मुस्तफा ने बताया कि उनका बेटा सब्जी बेचने का काम करता था। वह अपनी मर्जी से शादी कर लिया था जिसके कारण उन्हें घर से निकाल दिया गया था।