राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में लोकसभा सीट को लेकर चल रहे मंथन के बीच लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख और सांसद चिराग पासवान ने जनसभा को संबोधित किया। रविवार दोपहर को वैशाली संसदीय क्षेत्र के साहेबगंज में उन्होंने कहा कि मेरा मकसद सत्ता हासिल करना नहीं है। बिहारी के अधिकार के लिए अपनी लड़ाई लड़ता हूं। भविष्य में भी मेरे शरीर का एक-एक कतरा इसके लिए तैयार रहेगा। मैं राजनीति में जब से हूं तब से कई सरकारी आई और गई गठबंधन बने और टूटे। लेकिन, बिहार की स्थिति आज भी बेहद खराब है।
हमारे बिहार को लूटने वाले कई लोग रहे और कई नेता रहे
सांसद चिराग पासवान ने कहा कि मुझे सत्ता का मोह नहीं है। लेकिन, बिहार का विकास नहीं हो पाया और समस्या आज भी जस की तस है। हमारे बिहार को लूटने वाले कई लोग रहे और कई नेता रहे हैं। चिराग पासवान ने कहा कि बिहार का जब तक विकास नहीं तब तक समझौता नहीं करेंगे। अगले पांच वर्ष तक के लिए वादा करते हुए चिराग ने कहा कि वैशाली से उनके सांसद उम्मीदवार एक एक समस्या से निजात दिलाने का काम करेंगे।
बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट के लिए काम करने वाले लोग हैं
बता दें कि लोकसभा चुनाव की तैयारी को लेकर वैशाली संसदीय क्षेत्र के साहेबगंज के हरि सिंह स्कूल मैदान में लोजपा (रा.) की ओर से रैली का आयोजन किया था। इसे जन आशीर्वाद सभा नाम दिया गया था। पार्टी ने नेताओं ने चिराग पासवान को चांदी की मुकुट और तलवार भेंट किया। नेताओ ने कहा हमलोग बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट के लिए काम करने वाले लोग हैं। मंच पर वैशाली की मौजूदा सांसद वीणा देवी, विनिता विजय, संजय सिंह सहित पार्टी के कई वरीय नेता मौजूद थे। जिला अध्यक्ष चुलबुल शाही सहित पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता इस जनसभा में शामिल हुए।