छठ पूजा के मौके पर सजाई गई बेरोजगारी की झांकी
- फोटो : @yadavtejashwi
बिहार में बेरोजगारी एक बड़ा मुद्दा है। इस बेरोजगारी के ही कारण हर साल सैंकड़ों युवा घर छोड़ दूसरे राज्यों का रुख करते हैं। बेरोजगारी का दर्द ऐसा है कि हर साल चुनाव में इसकी चर्चा जरूर होती है, लेकिन इस बार छठ के मौके पर बेरोजगारी चर्चा में है। दरअसल, बिहार के आरा में आदर्श कला मंदिर की ओर से छठ के मौके पर एक झांकी सजाई गई है। यह झांकी है बेरोजगारी की। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी इस झांकी की फोटो को शेयर किया है।
झांकी पर तेजस्वी का तंज
छठ के मौके पर इस तरह की झांकी पर तेजस्वी यादव ने तंज कसा है। आरजेडी के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर इसकी फोटो को भी शेयर किया गया है। इसे शेयर करते हुए आरजेडी ने लिखा है- बिहार के आरा में एक छठ पूजा ऐसी भी....क्योंकि बिहार को 16 सालों में नीतीश सरकार ने बेरोजगारी का केंद्र बना डाला है। इस दर्द के कारण यहां का युवा त्योहारों में मुस्कुराना भूल चुका है। देश में सबसे ज्यादा बेरोजागारी बिहार में ही है। तेजस्वी यादव ने लिखा है कि बिहार में 23 राज्यों से अधिक बेरोजगारी है।
क्या है झांकी में
झांकी में पढ़े-लिखे युवाओं को जीविका चलाने के लिए चाट-पकौड़ा बेचते हुए दिखाया गया है। कहीं किसी बीटेक पास की झांकी है तो कहीं एमबीए पास बैठा है। इनमें से कोई पकौड़े तल रहा है तो कोई जूते पॉलिश कर रहा है।