समस्तीपुर के खानपुर थाना क्षेत्र के रेबड़ा गांव के पास यात्रियों से बस पलट गई। इसमें बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं दस अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। मरने वालों की पहचान नगर थाना क्षेत्र के रामचंद्रपुर गांव के मानदेव मंडल, बीके चौपाल और रेवड़ा गांव के ही महेश शर्मा की पुत्री निखिल कुमारी (10 वर्ष) के रूप में की गई है। घटना की सूचना पर खानपुर पुलिस ने तीनों शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं घायलों का उपचार भी कराया जा रहा है।
कुछ लोगों को करंट भी लगा जो बस के ऊपर बैठे हुए थे
बताया गया है कि समस्तीपुर बस स्टैंड से मिनी बस करीब 20 से 25 यात्रियों को लेकर समस्तीपुर से बहेड़ी जा रही थी। इसी दौरान खानपुर थाना क्षेत्र के रेबड़ा गांव के पास बस के चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। इससे गाड़ी असंतुलित हो गया और सड़क किनारे बिजली पोल से जा टकरा गई। इसके बाद सड़क के पास ही गड्ढे में पलट गई। इस घटना में मौके पर ही बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि कई अन्य जख्मी भी हो गए। बताया गया है कि कुछ लोगों को करंट भी लगा जो बस के ऊपर बैठे हुए थे। सभी घायलों को खानपुर पीएससी लाया गया। यहां तीन लोगों को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। वहीं 10 से अधिक घायलों को सदर अस्पताल भेजा गया। सदर अस्पताल में दो की स्थिति गंभीर बनी हुई है जबकि अन्य लोगों को हल्की चोटें आई हैं।