अस्पताल में घायलों का इलाज कराने पहुंचा पीड़ित पक्ष
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के बेगूसराय में पार्किंग विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर खूनी संघर्ष हो गया। इस संघर्ष में एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज सदर अस्पताल बेगूसराय में चल रहा है। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हरिजन टोला की है। घायलों की पहचान हरिजन टोला निवासी राजेश मलिक, पप्पू मलिक, विशाल कुमार और बादल कुमार सहित उसके परिवार के अन्य लोगों के रूप में की गई है।
पीड़ित पक्ष ने बताया कि बीती रात पार्किंग के विवाद को लेकर राहुल मलिक, कुंदन मलिक और अन्य लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर विशाल मलिक और उसके परिवार के लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि धीरज मलिक, कुंदन मलिक और उसका परिवार शराब-गांजे का सेवन और बिक्री करता है। ये लोग आए दिन शराब के नशे में मोहल्ले में बवाल करते हैं।
वहीं, घायल विशाल कुमार ने बताया कि उसके छोटे भाई ने बीती रात अपनी साइकिल सामने खाली जमीन में लगाई थी। उसी वक्त कुंदन मलिक वहां पहुंच गया और अपनी बाइक को साइकिल के नजदीक लगा दिया। जब उसके भाई ने साइकिल निकालने की कोशिश की तो कुंदन मलिक ने गाली-गलौज की। विशाल ने आगे बताया कि जब इस बात को लेकर मैं शिकायत करने पहुंचा तो कुंदन मालिक और धीरज मलिक ने धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया और कान काट दिया। बाद में घर में घुसकर मेरे पिता सहित घर के अन्य लोगों के साथ भी मारपीट की।
फिलहाल पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ मुफस्सिल थाने में लिखित मामला दर्ज करवाया है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है। सभी पीड़ित नगर निगम में दिहाड़ी मजदूर के रूप में सफाई कर्मी का काम कर जीवन यापन करते हैं।