दरभंगा में कोर्ट के आदेश पर महिला के शव को कब्र से बाहर निकाला गया है। मजिस्ट्रेट के सामने शव को कब्र से बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है। परिजनों का आरोप है कि महिला को उसके ससुराल के लोगों ने जहर खिलाकर उसकी हत्या कर शव को चुपके से दफना दिया था। अब भाई के आवेदन देने पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। मृतका मो तुफैल की पत्नी रोजी परवीन थी।
कोर्ट के आदेश पर निकाला गया शव
घटना के संबंध में पुलिस का कहना है कि बड़गांव ओपी थाना क्षेत्र में दरभंगा व्यवहार न्यायालय के आदेश पर मजिस्ट्रेट के सामने रोजी परवीन के शव को कब्र से बाहर निकाला गया और फिर शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है। जानकारी के अनुसार सितंबर 2023 में रोजी परवीन के ससुराल वालों जहर खिलाकर उसकी हत्या कर शव को चुपके से दफना दिया था। इस मामले को लेकर मृतका रोजी के भाई दानिश अपनी बहन की हत्या की प्राथमिकी दर्ज करवाई थी, जिसमें उसने अपने जीजा मो तुफैल सहित पांच लोगों को नामजद किया था। इस मामले में पुलिस ने आरोपी पति तुकैल को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
ससुराल वालों ने जानबूझ नहीं करवाया था पोस्टमोर्टम
पुलिस का कहना है कि मृतका के भाई ने थाना में अपनी बहन की ससुराल वालों के द्वारा हत्या करने का आवेदन दिया गया। आवेदन मिलते ही पुलिस हरकत में आई और फिर पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल करनी शुरू कर दी। पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर उसके पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। शिकायत में उसके पति के अलावा पांच अन्य लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया था। गिरफ्तार होने के बाद आरोपी ने काबुल किया था कि जहर खिलाकर उसकी हत्या की गई थी। इसी वजह से उसने शव का पोस्टमार्टम नहीं करवाया था, जिसे आज कब्र से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
भाई ने दर्ज कराया था मामला
घटना के संबंध में बड़गांव ओपी अध्यक्ष कल्पना कुमारी ने बताया कि न्यायालय के आदेश बाद यह कार्रवाई की गई है। जमालपुर थाना में इस मामले में एफआईआर पहले ही से दर्ज है। मृतका रोजी परवीन के भाई बिरौल के बलिया निवासी मो. दानिश ने बहन की हत्या कर शव को दफनाने का मामला दर्ज कराया था।