मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव।
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव 18 जनवरी को भोपाल से पटना आ रहे हैं। मध्य प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के बाद डॉक्टर मोहन यादव का यह पहला बिहार दौरा है। मध्यप्रदेश के नवनियुक्त मुख्यमंत्री मोहन यादव एक दिवसीय बिहार यात्रा के दौरान कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। मोहन यादवके आने से पहले पटना की सड़कों को होर्डिंग, बैनर और झंडो से पाट दिया गया है। बिहार यदुवंशी एकता मंच के प्रदेश अध्यक्ष सनोज यादव के नेतृत्व में बांस घाट से हजारों यदुवंशी कार्यकर्ता जुलूस लेकर श्री कृष्णा मेमोरियल हॉल जायेंगे।
जानिए क्या क्या हैं कार्यक्रम
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव 18 जनवरी को प्रातः 11 बजे पटना हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। वहां से वह श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल पहुंचेगे, जहां श्री कृष्ण चेतना विचार मंच के बैनर तले कार्यक्रम होंगे। श्री कृष्ण मेमोरियल से निकलने के बाद वह प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचेंगे। प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुँचने पर मुख्यमंत्री मोहन यादव बिहार के सांसदों, विधायकों और प्रदेश अध्यक्ष अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। बताया जाता है कि इस बैठक में 2024 के चुनाव को लेकर अलग अलग मुद्दों पर बातचीत की जाएगी। साथ ही बिहार में भाजपा को और कैसे मजबूत किया जय, चुनाव में कैसे जीत सुनिश्चित की जय इन सारे मुद्दों पर विस्तार से बातचीत की जाएगी।
इस्कॉन मंदिर जाने का का भी है कार्यक्रम
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव प्रदेश भाजपा कार्यालय से निकलने के बाद इस्कॉन मंदिर जाएंगे, जहां मंदिर के पुजारी की ओर से उनका स्वागत किया जाएगा। इस्कॉन मंदिर में विशेष आरती का आयोजन किया गया है, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव शामिल होंगे। फिर वहां से शाम में डॉक्टर मोहन भोपाल के लिए रवाना हो जाएंगे।