Bihar : बिहार में बेखौफ अपराधियों ने सरकारी शिक्षक की ग़ोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद अब पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी को खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि घटना का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है, जांच चल रही है।
सीवान में बेखौफ अपराधियों ने सरकारी शिक्षक की ग़ोली मारकर हत्या कर दी। घटना महाराजगंज थाना क्षेत्र के धनछूआ गांव की है। मृतक शिक्षक की पहचान दरौंदा थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव निवासी भरत मांझी के रूप में हुई है।
विज्ञापन
बाजार से लौटने के दौरान मारी गोली
घटना के संबंध में आसपास के लोगों ने बताया कि भरत मांझी शाम में अपने घर से महाराजगंज बाजार गए थे। बाजार से जब वह वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी धनछूआ गांव के पास पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें ग़ोली मार दी। ग़ोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े, लेकिन तब तक अपराधी वहां से फरार हो चुके थे। आननफानन में स्थानीय लोगों ने घायल शिक्षक को इलाज के लिए महाराजगंज अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जांच में जुटी पुलिस
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना मिल्त्ये ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी। घटना के संबंध में सीवान एसपी अमितेश कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए बताया कि शुक्रवार को महाराजगंज थाना क्षेत्र के धनछुआ में गोली चलने की सूचना प्राप्त हुई। त्वरित कार्रवाई करते हुए महाराजगंज थानाध्यक्ष छोटन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे, जहां गोली लगने से एक शिक्षक की मौत हो गई है। घटना के कारण के संबंध में पुलिस जांच कर रही है। घटनास्थल पर एफएसएल टीम भीजांच कर रही है।