औरंगाबाद के सोन नहर में गिरी कार को निकाला गया, लेकिन कोई जिंदा नहीं निकला।
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
औरंगाबाद के दाउदनगर में मंगलवार को एक तेज रफ्तार कार सोन नहर में जा गिरी। हादसे के समय तेज आवाज को सुनकर लोग पहुंचे, लेकिन पता नहीं चला कि कार किधर चली गई। जब तक कार को पानी से निकाला जाता, कार सवार पांच लोगों की डूबने से मौत हो चुकी थी। सभी मृतक पटना के रहने थे। चार युवकों की उम्र 35 से 40 वर्ष के करीब होगी, जबकि मरने वालों में एक 16 वर्षीय नाबालिग भी था। मरने वाले पटना के राजीव नगर के रहने वाले थे।
पूजा कर लौट रहे थे, गेरुआ वस्त्र भी था शरीर पर
घटना औरंगाबाद जिले के दाउदनगर थाना क्षेत्र के नहर रोड में चमन बिगहा के पास हुई। पटना मेन सोन कैनाल (नहर) में एक कार असंतुलित होकर गिर जाने के कारण कार पर सवार सभी की मौत हो गई। पक्के तौर यह पता नहीं चल पाया है कि कार किस समय गिरी। कुछ लोग बता रहे हैं कि उन्हें आवाज आई थी, लेकिन नजदीक जाने पर पता नहीं चला। बाद में कार स्थानीय ग्रामीणों ने नहर में कार देखी तो पुलिस को सूचना दी। कार निकाली गई, तो अंदर कोई जिंदा नहीं मिला। पुलिस ने पुष्टि की कि उसमें सवार पांच लोग लोगों की मौत हो चुकी है। पुलिस ने मृतकों के शव को निकलवा कर जिला मुख्यालय भेजा है। पहनावा से ऐसा लग रहा है कि सभी मृतक कहीं से पूजा कर लौट रहे होंगे। तीन के शरीर पर सावन का गेरुआ कपड़ा है।
सभी मृतक पटना के राजीव नगर में आसपास रहते थे
बीडीओ मो. जफर इमाम, सीओ शैलेंद्र कुमार यादव, थानाध्यक्ष फहीम आजाद खान दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे हुए हैं। पुलिस ने पांचों मृतकों की पहचान कर ली है। पटना के राजीव नगर रोड नंबर-15 ई में शंकर सिंह के मकान में किराएदार के रूप में रह रहे विष्णुदयाल सिंह के पुत्र दीपक कुमार(38), शिवजी राय के पुत्र कन्हाई राय (37), मृतक कन्हाई राय के पुत्र रोहित कुमार (12), कन्हाई राय के मकान में किराएदार भूलेटन चौधरी के पुत्र नारायण चौहान (30) एवं सुधाकर शर्मा के मकान में किराएदार निर्मल कुमार पांडेय के पुत्र रवि कुमार (32) के रूप में इनकी पहचान सामने आयी है।