बिहार विधानसभा बजट सत्र के तीसरे दिन भाजपा विधायकों ने वेल में आकर हंगामा किया। नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा के नेतृत्व में भाजपा विधायक नारेबाजी करने लगे। सभी भाजपा विधायक सरकार शर्म करो...शर्म करो के नारे लगाने लगे। शून्य काल के बाद लंच हुआ। इसके बाद सदन की कार्यवाही फिर शुरू हुई। इसके बाद गलवां घाटी में शहीद हुए जय कुमार सिंह के पिता की गिरफ्तारी को लेकर DGP को तलब किया गया। उन्हे इस मामले को गंभीरता से लेने के लिए कहा गया।
इधर, मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान ही सदन के आज के कार्यकाल की अवधि खत्म हो गई। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने समय को बढ़ा दिया। इधर, अभिभाषण पर संशोधन को लेकर विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय कुमार सिन्हा के प्रस्ताव को ध्वनिमत से खारिज कर दिया गया। इसके बाद सदन की कार्यवाही गुरुवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने संबोधन ने कहा कि 2018 में 1.64 करोड़ लोगों ने शराब छोड़ी थी, अब ताजा रिपोर्ट है कि 1.82 करोड़ ने शराब छोड़ी है। इसी बीच भाजपा विधायकों ने मुआवजा की बात लेकर हंगामा करने लगे। इसपर सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि आपका भाषणवा सुन लिए, अब हमारी बतवा सुन लीजिए। भाजपा सदस्य इसपर शोरगुल करते हुए विपक्ष के नेता विजय सिन्हा के नेतृत्व में वाकआउट कर गए। गलवा शहीद के पिता को जेल भेजने के मामले में सीएम नीतीश के कहा कि रक्षा मंत्री ने फोन कर सेना के परिजनों के बारे में बताया और अधिकारियों को कहा ऐसा क्यों किया।
केंद्र सरकार से वन नेशन वन रेट बिजली की मांग
मुख्यमंत्री ने केंद्र से पैसा नहीं मिलने की बात सदन में उठाई। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार अपनी योजना का नाम देती है लेकिन उसमें राज्य से पैसा लेने का दबाव रहता है। हमलोगों ने समान दर पर बिजली देने की मांग केंद्र सरकार से की थी। वन नेशन वन रेट बिजली की बात भी कही। लेकिन वह विकसित राज्यों से कम रेट ले रहे और क्या जैसे गरीब राज्य से ज्यादा रेट ले रहे हैं।
शिक्षकों की बहाली होगी, 10 लाख रोजगार की दिशा में काम कर रहे
नीतीश कुमार ने कहा कि हमलोगों हर हाल में पढ़ाई को आगे बढ़ाएंगे। शिक्षकों की भी बहाली होगी और उनका वेतन भी बढ़ेगा। सब चीजों को देखा जा रहा। हमलोग तो चाहते ही हैं कि रोजगार के अवसर बने। 10 लाख सरकारी सेवा देने के लिए हमलोग लगातार काम कर रहे। लड़की पढ़ेगी लिखेगी, तभी प्रजनन दर में कमी आएगी। जब हमलोग आए थे तो प्रजनन दर 4.5 प्रतिशत था। अब यह घटकर 2.6 पर आ गया है। बिहार क्षेत्रफल में 12वें नंबर पर है। लेकिन आबादी में तीसरे नंबर पर है। 2040 के बाद बिहार में प्रजनन दर स्थिर होगा। इसके बाद लगातार घटेगा।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा- आर्थिक विकास पर काम कर रहे
सदन को संबोधित करने हुए नीतीश कुमार ने कहा कि सब लोगों की बातों को सुनना नोट करने का काम किया गया। इसके बाद अधिकारियों को सभी विभागों में आई शिकायतों के निवारण का निर्देश दिया गया। हमलोगों की कोशिश है कि जनता की समस्याओं को समाधान हो जाए। हमलोग जनता के लिए काम कर रहे हैं। आर्थिक विकास पर काम कर रहे हैं। जीविका पर फोकस कर रहे। केंद्र सरकार ने भी इसको सराहा। बिहार की जीविका और देश भी में आजीविका। गरीब तबके की महिलाएं पहले बोल नहीं पाती थीं। लेकिन जीविका से जुड़ने के बाद वह काफी अच्छा बोल रही हैं।