बिहार के बनियापुर थाना क्षेत्र के करहीगांव के पास रविवार की रात चंवर के गड्ढे में बोलेरो के असंतुलित होकर पलट जाने से उस पर सवार चार बरातियों की मौत हो गई। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को बचाने में जुटी है। मामले की छानबीन की जा रही है।
बिहार के छपरा जिले में रविवार की रात बनियापुर थाना क्षेत्र में एक चंवर के गड्ढे में बारातियों से भरी बोलेरो असंतुलित होकर पलट गई। इस हादसे में चार बरातियों की मौत हो गई। जानकारी मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन कर घायलों को बचाने में जुट गई। स्थानीय लोगों के सहयोग से मृत शवों को निकाला गया।
विज्ञापन
मृत युवकों में बनियापुर थाना क्षेत्र के सिहोरिया गांव निवासी देव नारायण सिंह के पुत्र अंकित कुमार एवं राजकुमार बाबा ने अपनी जान गवाई है। हादसे में जान गंवाने वाले दो लड़कों की पहचान नहीं हो सकी है। घटना में सिहोरिया गांव के धूमल कुमार भी जख्मी हुए हैं। उन्हें बनियापुर स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि बोलेरो के गड्ढे में पलटने के दौरान धूमल वहां से कूद गया होगा, जिससे वह जख्मी हो गया है, जबकि अन्य पानी में डूब गए। जानकारी के मुताबिक बनियापुर थाना क्षेत्र के भूमिहारा गांव से बोलेरो से बरात एकमा की ओर जा रही थी। बोलेरो पर सिउरिया गांव के चालक सहित कुल पांच लोग सवार थे। करही गांव के समीप नहर किनारे मोड़ पर अचानक वाहन असंतुलित होकर चंवर के गड्ढे में पलट गया। जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग वहां पहुंचे।
विज्ञापन
कागजात के आधार पर की गई पहचान
हादसे की सूचना मिलते ही बनियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। खबर लिखे जाने तक तक चार लोगों के शव बाहर निकाले जा चुके थे, जबकि एक शव की तलाश अभी भी की जा रही है। दो शवों की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है। युवकों के पास मिले कागजात के आधार पर पहचान करने की पुलिस कोशिश कर रही है। अंधेरे में डूबे अन्य व्यक्ति की तलाश की जा रही है।