लालू प्रसाद यादव दिल्ली में अपनी बड़ी बेटी मीसा भारती के आवास पर स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं। स्वास्थ्य लाभ के दौरान उनकी कई तस्वीरें भी वायरल हुई हैं। इसी कड़ी में लालू यादव का कूल अंदाज वाला एक फोटो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लालू की एक तस्वीर उनकी बेटी मीसा भारती ने सोशल मीडिया पर पोस्ट की है। मीसा भारती ने लिखा है - 'जब नाना और प्यारे नाती में मची ज्यादा कूल दिखने की होड़!' वायरल तस्वीर से लालू के प्रशंसक भी काफी खुश नजर आ रहे हैं। शुभचिंतक इस उम्मीद में हैं कि नेताजी जल्द ही अब पटना लौटेंगे और सक्रिय राजनीति में हिस्सा लेंगे।
वहीं, बहन की पोस्ट को शेयर करते हुए तेजप्रताप ने लिखा है- मेरे पिता जी जैसा मुख्यमंत्री और कोई नहीं हो सकता। पिछले दिनों तेजप्रताप यादव ने लालू यादव के दिल्ली में रहने को लेकर तंज कसा था। तेज प्रताप ने कहा था कि लालू यादव को बंधक बना लिया गया है। इन दिनों तेज प्रताप और तेजस्वी यादव के बीच अच्छे संबंध नहीं हैं।
बिहार उपचुनाव में राजद ने दो सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं।वहीं, कांग्रेस उम्मीदवार ने एक सीट पर नामांकन दाखिल किया है। बिहार राजद और कांग्रेस महागठबंधन का हिस्सा है, लेकिन उपचुनाव में जिस तरह से दोनों दलों ने प्रत्याशी उतारे हैं उससे गठबंधन कमजोर हुआ है। तेज प्रताप ने भी कांग्रेस के लिए प्रचार करने का एलान किया है।
हाल के दिनों में कई बार दिखे लालू, पर इसमें दिखे अलग
लालू प्रसाद को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हाल के दिनों में लोगों ने कई बार देखा है। पार्टी के स्थापना दिवस हो या प्रशिक्षण शिविर या कोई अन्य कार्यक्रम सब में लालू यादव की उपस्थिति देखी गई है, लेकिन उनकी वह तस्वीर जिसे मीसा भारती ने सोशल मीडिया पर डाला है वह बहुत कुल मुद्रा में दिख रहे हैं। उनके बगल में नाती खड़ा है और उसका चश्मा पहनकर खुद फोटो खिंचवा रहे हैं।
पटना आने की बढ़ी उम्मीद
इस फोटो को देखकर उनके शुभचिंतक अंदाज लगा रहे हैं कि नेताजी की सेहत धीरे-धीरे ठीक हो रही है और वह जल्द ही उपचुनाव में बिहार आएंगे। हालांकि, लालू प्रसाद हाई ब्लड प्रेशर, शूगर समेत कई बीमारियों से ग्रसित हैं। दिल्ली में उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों की अनुमति के बाद ही वह कही जा सकते हैं।