Bihar Vidhansabha Chunav 2025: शनिवार को अर्जित नामांकन के लिए सीएमएस स्कूल से एसडीएम कार्यालय तक के लिए निकले थे। एसडीएम ऑफिस पहुंचकर अचानक उन्होंने नामांकन नहीं कराने का फैसला लिया। उन्होंने कहा है कि परिवार और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के आदेश के कारण उन्होंने नामांकन नहीं कराया है।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में भागलपुर से भाजपा के टिकट के दावेदार माने जा रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे के सुपुत्र अर्जित शाश्वत चौबे की निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा धरी की धरी रह गयी। भाजपा प्रत्याशी रोहित पांडेय के खिलाफ शनिवार को सैंकड़ों समर्थकों के साथ अर्जित नामांकन करने पहुंचे। लेकिन उसी समय किसी का फोन आया और उन्होंने अपने आप को नामांकन से दूर कर लिया।
विज्ञापन
भागलपुर में भाजपा से बागी हुए अर्जित शाश्वत चौबे ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया। भागलपुर से रोहित पांडे को भाजपा का टिकट मिलने से वे खासे नाराज थे। उन्होंने पार्टी से बगावत करते हुए निर्दलीय चुनाव लड़ने का मन बना लिया था। इस बीच शनिवार को अर्जित नामांकन के लिए सीएमएस स्कूल से एसडीएम कार्यालय तक के लिए निकले थे। एसडीएम ऑफिस पहुंचकर अचानक उन्होंने नामांकन नहीं कराने का फैसला लिया। उन्होंने कहा है कि परिवार और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के आदेश के कारण उन्होंने नामांकन नहीं कराया है।
कहलगांव के बाद नाथनगर में राजद कांग्रेस आमने- सामने
बिहार विधानसभा चुनाव में राजद व कांग्रेस के बीच सीट को लेकर गतिरोध जारी है। भागलपुर के कहलगांव विधानसभा सीट के बाद अब नाथनगर सीट पर महागठबंधन से ही राजद एवं कांग्रेस के प्रत्याशी आमने सामने होंगे। कांग्रेस पार्टी के आलाकमान के आदेश पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष परवेज जमाल सिंबल लेने के लिए शनिवार को पटना रवाना हो गए हैं। अगर इस सीट पर कांग्रेस को टिकट मिलता है तो राजद के लिए संशय की स्थिति उत्पन्न हो जाएगी। क्योंकि वर्तमान में यह सीट राजद की है। यहां से विधायक अशरफ अली सिद्दीकी हैं।
अजीत शर्मा ने नामांकन किया
भागलपुर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी अजीत शर्मा ने शनिवार को समाहरणालय स्थित जिला निर्वाची पदाधिकारी के कार्यालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। गोपालपुर सीट से असंतुष्ट गोपाल मंडल ने निर्दलीय प्रत्याशी के रुप में अपना नामांकन किया। इधर कहलगांव सीट पर एनडीए समर्थित जदयू से शुभानंद मुकेश ने एसडीएम कार्यालय में नामांकन दाखिल किया। इस बीच कहलगांव सीट पर जनसुराज से मंजर आलम को एक मिनट की देरी होने पर नामांकन से रोक दिया गया। वे रविवार को नामांकन करेंगे। पीरपैंती से भाजपा से मुरारी पासवान, जनसुराज से घनश्याम दास ने नामांकन किया। कहलगांव सीट पर सीमा कुमारी ने निर्दलीय नामांकन किया।