फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar : 14-15 बाइक सवार युवकों ने खनन विभाग के जांच दस्ते पर हमला बोला, जवान घायल; सरकारी गाड़ी क्षतिग्रस्त

Thu, 11 Jun 2026 09:58 AM IST
भागलपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बांका

सार

बांका के रजौन थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची जिला खनन विभाग की टीम पर बालू माफियाओं ने हमला कर दिया। रामपुर बालू घाट पर छापेमारी के दौरान 10 से 15 बाइक सवार तस्करों ने पथराव कर सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया और खनन विभाग के जवान मनीष कुमार को घायल कर दिया।
विज्ञापन
घायल जवान को इलाज के बाद ले कर जाते हुए - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची जिला खनन विभाग की टीम पर हुए हमले ने इलाके में सक्रिय बालू माफियाओं के बढ़ते मनोबल और अवैध खनन के नेटवर्क पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रामपुर बालू घाट पर छापेमारी के दौरान जिस तरह से बालू तस्करों ने सरकारी टीम पर हमला किया, उससे साफ संकेत मिलता है कि अवैध खनन में शामिल तत्व कानून और प्रशासन को खुली चुनौती देने से भी नहीं हिचक रहे हैं।

छापेमारी के दौरान मचा हड़कंप

गुरुवार सुबह रजौन थाना क्षेत्र के वृंदावन गांव के समीप उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अवैध बालू उत्खनन और परिवहन की सूचना पर पहुंची जिला खनन विभाग की टीम पर दर्जनों की संख्या में पहुंचे बालू माफियाओं ने हमला बोल दिया। हमले में खनन विभाग के जवान मनीष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि विभागीय वाहन का शीशा तोड़कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

शिकायत के बाद पहुंची थी खनन विभाग की टीम

जानकारी के अनुसार रामपुर बालू घाट से लगातार अवैध बालू खनन और परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के सत्यापन और कार्रवाई के उद्देश्य से जिला खनन विभाग की टीम छापेमारी के लिए मौके पर पहुंची थी। टीम में खनन निरीक्षक प्रीति सिन्हा, जिला खनन पदाधिकारी बलवंत कुमार और पुलिस बल के जवान शामिल थे।

10 से 15 बाइक सवार तस्करों ने किया हमला

बताया जाता है कि कार्रवाई शुरू होते ही करीब 10 से 15 की संख्या में बाइक सवार बालू तस्कर वहां पहुंच गए और खनन विभाग की टीम का विरोध करने लगे। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और तस्करों ने टीम पर हमला कर दिया। इस दौरान सरकारी वाहन पर पथराव किया गया, जिससे गाड़ी का शीशा चकनाचूर हो गया। हमले में जवान मनीष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

खनन विभाग ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

खनन निरीक्षक बलवंत कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अवैध बालू खनन और परिवहन की सूचना मिलने पर विभागीय टीम कार्रवाई के लिए गई थी। इसी दौरान संगठित रूप से पहुंचे बालू माफियाओं ने हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और हमला करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने शुरू की गिरफ्तारी की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही बौसी एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके अलावा रजौन थाना अध्यक्ष, नवादा थाना अध्यक्ष सहित कई पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ हमलावरों की पहचान की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

विज्ञापन


ये भी पढ़ें: दोस्ती बनी दुश्मनी! पटना में दोस्त ने पीठ में मारी गोली, घायल छोड़ बाइक लेकर हुआ फरार
विज्ञापन

 

कई आरोपियों की पहचान, छापेमारी जारी

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक घटना में शामिल कई आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि अवैध बालू कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा ताकि ऐसे तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

अवैध खनन नेटवर्क पर उठे सवाल

इस घटना ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि यदि सरकारी अधिकारियों और पुलिस बल के साथ गई खनन टीम भी सुरक्षित नहीं है, तो क्षेत्र में अवैध खनन का नेटवर्क कितना मजबूत और प्रभावशाली है। स्थानीय लोगों का मानना है कि प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई के बावजूद कुछ इलाकों में अवैध बालू कारोबार पूरी तरह खत्म नहीं हो पाया है, जिसके कारण तस्करों का मनोबल बढ़ा हुआ दिखाई देता है।

जांच जारी, सख्त कार्रवाई का भरोसा

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हमले में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि कानून हाथ में लेने वालों और अवैध खनन में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें