Accident Today : बिहार में एक भीषण हादसे में चार लोगों की जान चली गई। टूरिस्ट बस ने तिपहिया को बुरी तरह टक्कर मारते हुए रौंद दिया। घटना में दो लोग अब भी मौत से जूझ रहे हैं। हादसे के बाद गुस्साए लोग नेशनल हाईवे 28 पर जाम कर हंगामा कर रहे हैं।
मुजफ्फरपुर में एक तेज रफ्तार बस ने ऑटो को टक्कर मार दी। इस घटना में पिता-पुत्र समेत 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 2 की हालत गंभीर है। घटना सकरा थाना क्षेत्र के सुजावलपुर स्थित हाईवे की है। मृतकों की पहचान सुजावलपुर गांव निवासी मो. मकसूद और उनके बेटे आशिक अली और मो.साबिर के रूप में की गई है। एक शव की पहचान अब तक नहीं की गई है।
विज्ञापन
बाइक सवार को बचाने में हुआ हादसा
स्थानीय लोगों का कहना है कि ऑटो मुजफ्फरपुर से समस्तीपुर की ओर जा रही थी, जबकि टूरिस्ट बस समस्तीपुर से मुजफ्फरपुर की ओर आ रही थी। इसी दौरान दोनों के बीच समस्तीपुर की ओर जा रहा एक बाइक सवार आ गया। बाइक सवार को बचाने के क्रम में बस अनियंत्रित हो गई और ऑटो से जा टकराई। ऑटो से टकराते ही तेज आवाज के साथ ऑटो के पखचड़े उड़ गये। ऑटो में सवार पांच लोगों में तीन लोगों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना होते ही आसपास के लोग उधर दौड़ पड़े और आननफानन में सभी को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुँचते ही डॉक्टर ने तीन को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई।
घटना से भड़के लोगों ने किया सड़क जाम
घटना से आक्रोशित होकर स्थानीय लोगों ने बेगूसराय - मुजफ्फरपुर एन एच 28 को जाम कर दिया। घटना के संबंध में सकरा थानाध्यक्ष राजू कुमार पाल ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिली है। बस ने ऑटो को रौंद दिया है, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई है। लोगों ने सड़क भी जाम कर दिया था। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।