Accident News: गोपालगंज में एक ट्रैक्टर ने बाइक सवार एक अधेड़ व्यक्ति को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस आरोपी ट्रैक्टर चालक को हिरासत में ले लिया है और क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है।
बिहार के गोपालगंज जिले के भोरे थाना क्षेत्र के भोरे भिंगारी मुख्य मार्ग पर भोरे प्रखंड कार्यालय के पास आलू लदे एक ट्रैक्टर ने बाइक सवार अधेड़ शख्स को कुचल दिया। इस हादसे में बाइक सवार अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक, भोरे थाना क्षेत्र की जगतौली पंचायत के हाता पड़रौना गांव निवासी रामकिशुन राम का बेटा ललन राम (50) किसी काम से भोरे जा रहा था। वह प्रखंड कार्यालय के सामने भोरे भिंगारी मुख्य मार्ग पर चढ़ ही रहा था। इसी दौरान भोरे चारमुहानी से भिंगारी रोड पर आ रहे आलू लदे ट्रैक्टर से उसकी टक्कर हो गई। ट्रैक्टर के कुचलने से अधेड़ की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे की जानकारी मिलने पर भोरे थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज भेज दिया। घटनास्थल पर पहुंची भोरे पुलिस ने आलू लदे ट्रैक्टर ट्राली और बाइक को जब्त कर ट्रैक्टर चालक को हिरासत में ले लिया। इधर, अधेड़ की मौत की सूचना परिजनों को मिलने पर घर में चीत्कार मच गया है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।