कहानी पूरी फिल्मी लगती है, तमंचे की नोक पर शादी के प्रयास का एक मामला सामने आया है। मामला नालंदा का है जहां एक लड़की के पिता ने अपनी नाबालिग बेटी की शादी के लिए 11 साल के बच्चे को किडनैप कर लिया।
कक्षा तीन में पढ़ने वाले 11 साल के एक बच्चे को राहुई पुलिस ने अपहरणकर्ताओं के चंगुल से मुक्त कराया। बच्चे को उस वक्त किडनैप किया गया जब वो स्कूल से घर वापस लौट रहा था।
पुलिस के मुताबिक लड़के के पिता बिंदू यादव ने पुलिस में शिकायत की तो पुलिस ने आस पास के गावों में छापामारी की कार्रवाई की। पुलिस ने लड़के को शंकर यादव के घर से बरामद कर लिया।
हालांकि इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी क्योंकि पुलिस के आते ही आरोपी फरार हो गए। शंकर अपनी बेटी के साथ लड़के की शादी करा रहा था।
इस मामले में पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।