ऐसा पहली बार होगा जब भारत में मारुति की कोई कार टोयोटा की फैक्टरी में बन कर निकलेगी। पहले भी ऐसी रिपोर्ट्स आ चुकी हैं कि दोनों ही जापानी कंपनियां भारत में कोरियाई कंपनियों को टक्कर देने की तैयारी कर रही हैं। दोनों कंपनियां संयुक्त रूप से मिल कर Hyundai Creta और Kia Seltos को चुनौती देने की कोशिशों में जुटी हैं और नई प्रीमियम एसयूवी लाने वाली हैं। वहीं अब दोनों कंपनियां मिल कर भारत में ग्रीन व्हीकल्स के पोर्टफोलियो को बढ़ाएंगी, जिनमें हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक कारें शामिल होंगी।
न्यूज रिपोर्टस के मुताबिक इन दिनों भारत में एसयूवी सेगमेंट तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। मारुति और टोयोटा सबकॉम्पैक्ट सेगमेंट में तो पहले ही मौजूद हैं। जहां मारुति की सबकॉम्पैक्ट विटारा ब्रेजा के नाम से बाजार में आती है, तो टोयोटा उसी एसयूवी को रीबैज करके टोयाटा अर्बन क्रूजर के नाम से बेचती है। वहीं अब दोनों कंपनियां नई प्रीमियम एसयूवी पर काम कर रही हैं। रिपोर्ट्स का कहना है कि इस एसयूवी पर पिछले एक साल से काम जारी है, दोनों कंपनियां की रिसर्च और डेवलपमेंट टीमें मिल कर प्रोडक्ट डेवलपमेंट, डिजाइन और इंजीनियरिंग से जुड़े मामलों पर मिल कर प्रयास कर रही हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि नई एसयूवी अगले साल की दूसरी छमाही में बाजार में लॉन्च हो जाएगी।