सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) ने गुरुवार को एक आधिकारिक बयान में बताया कि अरुणाचल प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्ग-913 (फ्रंटियर हाईवे) पर 8 खंडों के निर्माण के लिए 6,728.33 करोड़ रुपये के आवंटन को मंजूरी दे दी है। यह इंटरमीडिएट लेन रोड के रूप में 305.50 किलोमीटर लंबा होगा और इंजीनियरिंग प्रोक्योरमेंट कंस्ट्रक्शन (ईपीसी) मोड पर बनाया जाएगा।
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि इस विकास का लक्ष्य सीमावर्ती क्षेत्रों से जुड़ाव बढ़ाना और सामाजिक-आर्थिक प्रगति को बढ़ावा देना है।
गडकरी ने आगे कहा कि फ्रंटियर हाईवे के निर्माण से उम्मीद है कि पलायन कम होगा और अरुणाचल प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों की ओर वापसी को बढ़ावा मिलेगा।
इसके अलावा, उन्होंने कहा कि ये फ्रंटियर हाईवे खंड महत्वपूर्ण नदी घाटियों को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण सड़क बुनियादी ढांचे की स्थापना करेंगे। जिससे राज्य में कई जल विद्युत परियोजनाओं के विकास की सुविधा होगी।
गडकरी के मुताबिक, यह मुख्य रूप से ग्रीनफील्ड सड़क कम आबादी वाले ऊपरी अरुणाचल क्षेत्रों को जोड़ेगी, जो पर्यटन के लिए आदर्श हैं। और भविष्य में पनप रहे पर्यटन के कारण यातायात में बढ़ोतरी का अनुमान है।
एक्स पर एक अलग पोस्ट में, गडकरी ने कहा कि मंत्रालय ने मध्य प्रदेश में विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के निर्माण और सुदृढ़ीकरण के लिए 3,549.48 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है।