Kia Telluride SUV 2022: दक्षिण कोरिया की दिग्गज वाहन निर्माता कंपनी Kia Corporation (किआ कॉर्पोरेशन) ने Kia Telluride 2022 (किआ टेलुराइड 2022) को आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया है। आकर्षक लुक वाली इस दमदार एसयूवी के लेटेस्ट वर्जन में कई सारे अपडेट्स देखने को मिले हैं। जिसकी वजह से एसयूवी खरीदारों के बीच Kia Telluride 2022 की लोकप्रियता और बढ़ सकती है। टेलुराइड एक तीन-पंक्ति वाली मिड साइज एसयूवी है। कंपनी अपनी इस एसयूवी की अमेरिका सहित कई अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बिक्री करती है। भारतीय बाजार में हाल में टाटा मोटर्स की तीन-पंक्ति वाली एसयूवी सफारी लॉन्च की गई थी। इसके साथ ही ह्यूंदै मोटर्स भी अपनी तीन-पंक्ति वाली एसयूवी अलकाजार को बहुत जल्द लॉन्च करने वाली है। ऐसे में किआ अपनी टेलुराइड एसयूवी को भारतीय बाजार में कब उतारेगी, इस बारे में फिलहाल कोई घोषणा नहीं की गई है।
टेलुराइड ने पिछले साल 2020 कार ऑफ द ईयर का खिताब जीता था और Mazda3 (माजदा3) और Mazda CX-30 (माजदा सीएक्स-30) जैसी कारों को मात दी थी। किआ टेलुराइड ने नॉर्थ अमेरिकन कार ऑफ द ईयर जैसे पुरस्कार भी जीते हैं और कंज्यूमर रिपोर्ट में 'सबसे पसंदीदा' कार थी।
नए मॉडल में क्या बदलाव हुए
इंजन और पावर
नई Kia Telluride 2022 एसयूवी के इंजन में कोई बदलाव नहीं किया गया है। टेलुराइड में पहले की तरह 3.8-लीटर V6 इंजन मिलता है। यह इंजन 291 hp का पावर और 355 Nm का पीक टार्क जेनरेट करता है। इस एसयूवी में ऑल-व्हील-ड्राइव (AWD) का विकल्प भी दिया गया है। एसयूवी में 20 इंच के व्हील्स दिए गए हैं।
मिला नया लुक
2020 किआ टेलुराइड में अब एक नया डिजाइन किया गया रेडिएटर ग्रिल दिया गया है, जिसमें पहले की तुलना में ज्यादा मेश हैं। यह कार के फ्रंट लुक को और आकर्षक बनाता है। इस एसयूवी में किआ का नया लोगो दिया गया है, जो अब इस कोरियाई कंपनी की सभी नए मॉडलों में मिलेगा।
कई नए फीचर्स दिए गए
नई टेलुराइड के अन्य अपडेट्स की बात करें तो इसके केबिन में बहुत ज्यादा बदलाव देखने को मिले हैं। इसके साथ ही नई Kia Telluride 2022 एसयूवी में ढेर सारे नए फीचर्स दिए गए हैं। कार के डैश में 10.25-इंच का बड़ा नेविगेशन डिस्प्ले दिया गया है। फुल ऑटोमैटिक टेम्परेचर कंट्रोल और हाईवे ड्राइविंग असिस्ट जैसे फीचर्स को अब कार के लोअर ट्रिम्स LX और S में भी मिलते हैं। जबकि नेविगेशन आधारित स्मार्ट क्रूज कंट्रोल-कर्व एसयूवी के सभी ट्रिम्स में उपलब्ध है।
कितनी है कीमत
नई Kia Telluride 2022 एसयूवी के सभी ट्रिम्स में ज्यादा फीचर्स स्टैंडर्ड तौर पर शामिल किए गए हैं। इसके अलावा निचले ट्रिम्स में भी कई एक्स्ट्रा फीचर्स दिए गए हैं, जिसकी वजह से इसकी कीमत में बढ़ोतरी की गई है। अमेरिका में नई टेलुराइड एसयूवी के बेस वेरिएंट LX की कीमत में 600 डॉलर (करीब 44 हजार रुपये) की बढ़ोतरी की गई है। जिसके बाद इस एसयूवी की कीमत अब 32,790 डॉलर (लगभग 24 लाख रुपये) से शुरू होती है। टॉप-ऑफ-द-लाइन SX-P वेरिएंट की कीमत 46,890 डॉलर (लगभग 34.50 लाख रुपये) है।