Isuzu Motors (आईसुजु मोटर्स) ने भारत में अपने तीन उत्पादों को लॉन्च किया है। इनमें से एक ब्रांड न्यू मॉडल है। कार निर्माता ने अपने लोकप्रिय पिकअप ट्रक D-Max V-Cross (डी-मैक्स वी-क्रॉस) और MU-X (एमयू-एक्स) एसयूवी को बीएस-6 वर्जन के साथ अपडेट किया है। इसके अलावा कंपनी ने एक नए एंट्री लेवल पिकअप मॉडल Hi-Lander (हाय-लैंडर) को भी उतारा है।
नया एंट्री लेवल पिकअप Hi-Lander
नए एंट्री लेवल D-Max (डी-मैक्स) मॉडल Hi-Lander को चेन्नई में एक्स-शोरूम कीमत 16.98 लाख रुपये पर लॉन्च किया गया है। Isuzu Hi-Lander में 1.9-लीटर डीजल इंजन मिलता है। यह इंजन 163 hp का पावर और 360 Nm का पीक टॉर्क जेनरेट करता है। इस इंजन के साथ 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स दिया गया है। हाई-लैंडर पिकअप में 4-व्हील ड्राइव सिस्टम नहीं दिया गया है, लेकिन इसमें ग्राउंड क्लीयरेंस काफी बेहतर है। इस एंट्री-लेवल पिकअप में हैलोजन हेडलैंप्स, ब्लैक ओआरवीएम और स्टील व्हील्स दिए गए हैं।
Isuzu V-Cross
Isuzu V-Cross 4x2 जे मैनुअल की कीमत 19.98 लाख रुपये है। वहीं 4x4 जे मैनुअल की कीमत 20.98 लाख और टॉप मॉडल 4x4 ऑटोमैटिक जे प्रेस्टीज की कीमत 24.49 लाख रुपये है। यह सभी चेन्नई में एक्स-शोरूम कीमत है।
फीचर्स की बात करें तो V-Cross के टॉप मॉडल में 6-एयरबैग, 7.0-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, एंड्रॉइड ऑटो और एपल कारप्ले सपोर्ट, स्टीयरिंग माउंटेड कंट्रोल, 6-वे एडजस्टेबल ड्राइवर सीट, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल जैसे फीचर्स मिलते हैं।
Isuzu MU-X
7-सीटर एसयूवी Isuzu MU-X को दो वेरिएंट्स में उतारा गया है। इसमें 2-व्हील ड्राइव और 4-व्हील ड्राइव शामिल है। दोनों वेरिएंट्स में ऑटोमैटिक गियरबॉक्स दिया गया है। दोनों वेरिएंट में एक जैसा 1.9-लीटर 4-सिलेंडर डीजल मिलता है। यह इंजन 163 Bhp का पावर और 360 Nm का पीक टॉर्क जेनरेट करता है। इसमें 5-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स दिया गया है। इसके साथ ही इसमें 4-व्हील ड्राइव सिस्टम मिलता है जो कम रेंज के गियरबॉक्स के साथ आता है। Isuzu MU-X एसयूवी की चेन्नई में शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 33.37 लाख रुपये है। वहीं इसके 4-व्हील ड्राइव वेरिएंट की कीमत 35.34 लाख रुपये है।
कंपनी ने इस एसयूवी में सिर्फ इंजन को अपडेट किया है। इसके अलावा इसमें अन्य कोई बदलाव नहीं किया गया है। भारतीय बाजार में इस एसयूवी का मुकाबला टोयोटा फॉर्च्यूनर और फोर्ड इंडेवर जैसे एसयूवी से है।